पौष्टिक व्यंजनों की प्रदर्शनी लगाकर बताया पोषण का महत्व,गांव कलरी के लोगों को कुपोषण मिटाने बारे किया जागरूक

हमीरपुर।
बाल विकास परियोजना हमीरपुर के सौजन्य से ग्राम पंचायत बाड़ी फरनोहल के गांव कलरी में राष्ट्रीय पोषण माह के अवसर पर स्थानीय पौष्टिक व पारंपरिक व्यंजनों की प्रदर्शनी लगाकर लोगों को सही पोषण के बारे में जागरुक किया गया। कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम अधिकारी अनिल कुमार ने मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत की। कार्यक्रम की अध्यक्षता पंचायत उपप्रधान अश्वनी कुमार ने की।
इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी ने लोगों को पारंपरिक व्यंजनों तथा स्थानीय मौसमी फल-सब्जियों का अधिक से अधिक प्रयोग करने, जंक फूड से दूर रहने तथा नमक, चीनी, तेल और मैदे का कम से कम उपयोग करने की सलाह दी। उन्होंने गर्भावस्था से लेकर बच्चे की 2 साल की आयु तक के सुनहरे एक हजार दिनों के दौरान समुचित पोषण, खान-पान तथा तिरंगा भोजन ग्रहण करने, जन्म के पहले 6 महीने में बच्चे को केवल और केवल मां का दूध ही देने तथा 6 माह की आयु पूरी करने के बाद बच्चों को मां के दूध के साथ-साथ दिन में कम से कम पांच बार पूरक आहार देने के बारे में जागरूक किया।
बाल विकास परियोजना अधिकारी सुनीता शर्मा ने संतुलित आहार लेने और महिलाओं को विशेष कर आयरन युक्त चीज जैसे-चुकंदर, अनार, खट्टे मौसमी फल, आंवला, हरी पत्तेदार सब्जियां, अरबी के पत्ते, चौलाई का साग इत्यादि का अधिक से अधिक सेवन करने के बारे में जानकारी दी। उन्होंने टेफलॉन बर्तनों के स्थान पर लोहे की कड़ाही का उपयोग करने के बारे में भी जानकारी दी।
इस अवसर पर वृत्त पर्यवेक्षक तिलकराज, जिला पोषण समन्वयक साहिल परिहार और खंड पोषण समन्वयक रीता कुमारी ने भी संबंधित विषय पर जानकारी दी। कार्यक्रम में स्थानीय आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सुनीता देवी, सुमन कुमारी, पूनम कुमारी, सुषमा देवी, अनिता कुमारी और निर्मला, स्थानीय पंचायत प्रतिनिधि, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं, गर्भवती व धात्री माताएं और अन्य ग्रामवासी भी उपस्थित थे।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।