पॉवर ग्रिड कॉरपोरेशन ने गांधी चौक पर दिया स्वच्छता का संदेश

हमीरपुर ।

पॉवर ग्रिड कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड के उपकेंद्र मट्टनसिद्ध हमीरपुर ने 16 से 31 मई तक मनाए जा रहे स्वच्छता पखवाड़ा के तहत शुक्रवार को यहां गांधी चौक पर एक जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया।
सीनियर डीजीएम अमित कुमार की अध्यक्षता में आयोजित इस जागरुकता कार्यक्रम में कॉरपोरेशन के अधिकारियों ने आम लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरुक किया। इस अवसर पर अमित कुमार ने बताया कि पॉवर ग्रिड कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड देश के विभिन्न राज्यों को बिजली की आपूर्ति में बहुत बड़ी भूमिका अदा कर रही है। इसके अलावा यह सार्वजनिक उपक्रम कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व योजना के तहत भी कई सामाजिक कार्यों को अंजाम दे रही है। सरकार की ओर से समय-समय पर चलाए जाने वाले विभिन्न अभियानों में भी कॉरपोरेशन सराहनीय योगदान दे रही है। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत आयोजित किए जा रहे स्वच्छता पखवाड़े के दौरान भी कॉरपोरेशन ने कई गतिविधियां आयोजित कीं।
इस अवसर पर कॉरपोरेशन के सौजन्य से स्थानीय सांस्कृतिक दल के लोक कलाकारों ने राजीव जस्सल के नेतृत्व में गीत-संगीत और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया तथा कूड़े के सही निष्पादन के बारे में जागरुक किया।
कार्यक्रम के दौरान डीजीएम प्रवीण राव, मुख्य प्रबंधक प्रियंका जैन, कनिष्ठ अभियंता विवेक शर्मा और कॉरपोरेशन के अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।