पेंशन, जीपीएफ और लेखा मामलों में दिखाएं सतर्कता : अमरजीत सिंह

हमीरपुर ।
उपायुक्त अमरजीत सिंह ने सभी आहरण एवं संवितरण (डीडीओ) अधिकारियों तथा संबंधित कर्मचारियों को पेंशन, जीपीएफ और लेखा मामलों में सतर्कता एवं तत्परता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं। शनिवार को यहां हमीर भवन में प्रधान महालेखाकार (एजी) कार्यालय (लेखा एवं व्यय) शिमला द्वारा जिला कोषाधिकारी कार्यालय के सहयोग से आयोजित एक कार्यशाला के उदघाटन सत्र को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि इन सभी मामलों में वित्त विभाग और एजी के दिशा-निर्देशों की अक्षरशः अनुपालना होना चाहिए, ताकि किसी भी तरह की वित्तीय अनियमितता से बचा जा सके और जीपीएफ खाताधारकों तथा पेंशनरों को कोई दिक्कत न हो।
इस अवसर पर एजी ऑफिस के वरिष्ठ लेखाधिकारी हंसराज हीर ने बताया कि सेवानिवृत्त होने जा रहे कर्मचारी का पेंशन केस 6 माह पहले ही तैयार कर लेना चाहिए तथा सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण करने के बाद यह सेवानिवृत्ति से 3 माह पहले ही एजी ऑफिस पहुंच जाना चाहिए। कर्मचारी के सभी दस्तावेज डीडीओ द्वारा सत्यापित होने चाहिए। इसमें पत्नी या पति का नाम और जन्म तिथि सही होनी चाहिए तथा ये सभी दस्तावेजों जैसे- सर्विस बुक, आधार और पैन इत्यादि में एक जैसी होनी चाहिए। उन्होंने पेंशन के विभिन्न नियमों, नॉमिनी, एनपीएस से ओपीएस आए मामलों के बारे में भी कई महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं तथा प्रतिभागियों की शंकाओं का समाधान किया।
वरिष्ठ लेखाधिकारी राजेंद्र सिंह चंदेल जीपीएफ के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जीपीएफ के फॉर्म में खाताधारक का मोबाइल नंबर अवश्य दर्ज होना चाहिए, जिससे उसे अपने खाते के बारे में त्वरित जानकारी उपलब्ध हो सकेगी।
सहायक लेखाधिकारी सुधीर राणा ने कहा कि अकाउंट्स के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इन मामलों में सटीकता एवं पारदर्शिता बहुत जरूरी होती है। हर बिल में सभी आवश्यक दस्तावेज और स्वीकृति आदेश इत्यादि संलग्न होने चाहिए। अगर डीडीओ अकाउंट है तो उसमें भी धनराशि अनावश्यक रूप से लंबे समय तक नहीं रहनी चाहिए। वित्त विभाग द्वारा समय-समय पर जारी किए जाने वाले दिशा-निर्देशों पर पैनी नजर रखनी चाहिए तथा इनकी अक्षरशः अनुपालना होनी चाहिए।
इस अवसर डीटीओ डॉलिम चौधरी ने उपायुक्त और एजी ऑफिस के अधिकारियों का स्वागत किया तथा जिला के सभी डीडीओ एवं संबंधित कर्मचारियों ने सभी दिशा-निर्देशों की अनुपालना की अपील की।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।