पीएम-दक्ष’ पोर्टल का लाभ उठाएं दिव्यांगजन : अमरजीत सिंह

हमीरपुर ।

उपायुक्त अमरजीत सिंह ने सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग सहित सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे दिव्यांगजनों के कौशल विकास, व्यावसायिक प्रशिक्षण, रोजगार एवं सशक्तिकरण के लिए बनाए गए वेब पोर्टल ‘पीएम-दक्ष-डीईपीडब्ल्यूडी’ PM-DAKSH-DEPwD का व्यापक प्रचार-प्रसार करें, ताकि सभी दिव्यांगजन विभिन्न व्यावसायिक प्रशिक्षण कोर्सों और रोजगार-स्वरोजगार के अवसरों का भरपूर लाभ उठा सकें।
उपायुक्त ने बताया कि कोई भी दिव्यांगजन इस वेब पोर्टल पर अपना ऑनलाइन पंजीकरण करके अपने कौशल विकास के लिए व्यावसायिक प्रशिक्षण प्राप्त कर सकता है। उन्होंने बताया कि इस वेब पोर्टल में दिव्यांगजनों की क्षमताओं, जरुरतों, रुचियों और बाजार में उपलब्ध रोजगार के अवसरों के अनुसार कई व्यावसायिक एवं कौशल विकास पाठ्यक्रमों का ब्यौरा उपलब्ध करवाया गया। इन प्रशिक्षण कोर्सों एवं रोजगार के अवसरों के लिए पंजीकरण की प्रक्रिया भी बहुत ही सरल है।
उपायुक्त ने बताया कि दिव्यांगजनों के कौशल विकास के लिए राष्ट्रीय कार्य योजना (एनएपी) के तहत 15 से 59 वर्ष की आयु के दिव्यांगजन पीएम-दक्ष पोर्टल पर अपना पंजीकरण करवा सकते हैं। उन्होंने बताया कि पीएम-दक्ष पोर्टल को अमेजॅन और यूथ4जॉब्स सहित कई प्रसिद्ध कंपनियों के साथ भी टैग किया गया है, ताकि दिव्यांगजनों को रोजगार के बेहतरीन अवसर मिल सकें।
उपायुक्त ने जिला के दिव्यांगजनों से इस पोर्टल का लाभ उठाने की अपील की है।
-0-

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।