पीएनबी के अधिकारियों ने एक व्यक्ति को फ्रॉड का शिकार होने से बचाया

हमीरपुर ।

पंजाब नेशनल बैंक की भूंपल शाखा के अधिकारियों की मुस्तैदी से क्षेत्र का एक ग्राहक लगभग 70 लाख रुपये की साईबर ठगी से बच गया। भूंपल शाखा की प्रबंधक अंकिता संदल, उप प्रबंधक मीनाक्षी शर्मा और संजय सूद ने बताया कि 25 अगस्त को एक ग्राहक बैंक में आया और उसने अपने दूसरे बैंक के खाते से पंजाब नेशनल बैंक के खाते में भारी रकम हस्तांतरित करने और फिर इसी राशि को किसी कंपनी के खाते में डालने के बारे में जानकारी ली। उसने बताया कि यह राशि उसके बेटे के लिए फ्लैट खरीदने के लिए उपयोग में लाई जाएगी। पीएनबी के अधिकारियों ने बताया कि 29 अगस्त को इस ग्राहक ने 55 लाख रुपये की राशि भूंपल शाखा के अपने खाते में डलवा दी और फिर इस पूरी राशि को आईसीआईसीआई बैंक के खाते में भेजने का आग्रह किया।
पीएनबी के अधिकारियों को इससे कुछ संदेह हुआ और उन्होंने उक्त ग्राहक के बेटे से संपर्क किया। 31 अगस्त को यह ग्राहक फिर भूंपल शाखा में पहुंचा और धनराशि को हस्तांतरित करने का आग्रह करने लगा। बैंक अधिकारियों ने जब उससे बार-बार पूछकर और असलियत बताने का आग्रह किया तो उसने इस मामले का खुलासा किया।
दरअसल, इस ग्राहक को 19 अगस्त से ही किसी पुलिस अधिकारी के नाम और फोटो के साथ व्हाट्सऐप कॉल आ रही थीं, जिनमें उसे ब्लैकमेल किया जा रहा था और पैसा हस्तांतरित न करने पर गिरफ्तार करने की धमकियां दी जा रही थीं। इससे घबराकर वह उक्त धनराशि को हस्तांतरित करवा रहा था।
बैंक अधिकारियों ने बताया कि यह डिजिटल अरेस्ट एवं ठगी का मामला था। इससे ग्राहक ने राहत की सांस ली और उसने यह पैसा एफडी के रूप में जमा करवा दिया।
पीएनबी के अधिकारियों ने सभी लोगों से इस प्रकार की ठगी से बचने के लिए सावधान रहने और किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना देने की अपील की है।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।