पीएनबी की ऋण योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं

हमीरपुर ।
पंजाब नेशनल बैंक ने शुक्रवार को जिला हमीरपुर और ऊना में 20 स्थानों पर मेगा रिटेल आउटरीच प्रोग्राम आयोजित किए। बैंक के सर्कल कार्यालय हमीरपुर के प्रमुख नीरज आनंद और बैंक के सहायक महाप्रबंधक राजेंद्र लाल ने इन कार्यक्रमों का शुभारंभ किया।
उन्होंने बैंक के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अधिकतम भागीदारी के लिए प्रेरित करते हुए बैंक की योजनाओं और लाभकारी ब्याज दरों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि इन आयोजनों का मुख्य उद्देश्य ग्राहकों तक पहुंच बढ़ाना, वित्तीय समावेशन को प्रोत्साहित करना तथा बैंक और जनता के बीच मजबूत विश्वास एवं स्थायी संबंध स्थापित करना है।
इस अवसर पर हमीरपुर के जिला अग्रणी प्रबंधक धर्मेंद्र स्याल ने जिले में वित्तीय जागरुकता को बढ़ाने के लिए ऐसे अभियानों की आवश्यकता को रेखांकित किया तथा इस दिशा में किए जा रहे प्रयासों की विस्तृत जानकारी दी।
बैंक कर्मचारियों ने विभिन्न स्थानों पर लगाए गए काउंटरों के माध्यम से ग्राहकों को होम लोन, कार लोन, एजूकेशन लोन, डिजिटल बैंकिंग सेवाओं तथा अन्य खुदरा उत्पादों की विस्तृत जानकारी प्रदान की। साथ ही, आम लोगों को बैंक की प्रतिस्पर्धी ब्याज दरों एवं त्वरित सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
हमीरपुर के जिला अग्रणी प्रबंधक ने बताया कि शुक्रवार को आयोजित आउटरीच कार्यक्रम काफी सफल रहे। इन कार्यक्रमों में दोपहर तक कुल 151 लीड्स प्राप्त हुई हैं, जिनसे लगभग 17 करोड़ रुपये का व्यवसाय उत्पन्न हुआ है।
-0-

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।