पशुपालन में हैं अपार संभावनाएं, इसके आधुनिकीकरण पर दें बल : अमरजीत सिंह

हमीरपुर ।
उपायुक्त अमरजीत सिंह ने कहा है कि पशुपालन जैसे पारंपरिक सैक्टर में आज भी रोजगार की काफी अच्छी संभावनाएं हैं। इसमें आधुनिक तकनीक का समावेश करके ग्रामीण आर्थिकी को बल दिया जा सकता है। पशुपालन विभाग और इस पारंपरिक व्यवसाय से जुड़े आम किसानों एवं पशुपालकों को आधुनिकीकरण की दिशा में कार्य करना चाहिए। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और हिमाचल प्रदेश की आर्थिकी को बल मिलेगा।
पशुपालन के क्षेत्र में आधुनिकीकरण की संभावनाओं को लेकर वीरवार को आयोजित एक कार्यशाला की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त ने बताया कि इस सैक्टर में व्यापक सुधार के लिए राज्य स्तर पर एक व्यापक कार्य योजना तैयार की जाएगी। इसके लिए जिला हमीरपुर से भी संभावित योजनाएं और महत्वपूर्ण सुझाव एवं प्रस्ताव प्रेषित किए जा रहे हैं।
उपायुक्त ने पशुपालन विभाग के अधिकारियों से कहा कि वे जिला में पशु चिकित्सा से संबंधित इनफ्रास्ट्रक्चर के आधुनिकीकरण, पशुओं की नस्ल में सुधार, दुग्ध उत्पादों के बेहतर विपणन, दुग्ध सहकारी सभाओं के गठन, चारे की समस्या के स्थायी समाधान, पशु चारे की फसलों की खेती और पौधारोपण, आधुनिक तकनीक एवं मशीनों के उपयोग, युवाओं को पशुपालन के लिए प्रेरित करने और इस सैक्टर के अन्य सभी पहलुओं के मद्देनजर एक व्यापक रिपोर्ट तैयार करें। इसमें कृषि विभाग, बागवानी विभाग, वन विभाग, ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज, जल शक्ति, उद्योग, सहकारिता विभाग, मिल्क फैडरेशन और अन्य विभागों के इनपुट्स के अलावा स्वयं सहायता समूहों, गौसदनों के संचालकों तथा आम पशुपालकों के सुझाव भी शामिल होने चाहिए।
कार्यशाला में पशुपालन विभाग के उपनिदेशक डॉ. देवेंद्र कतना ने जिला में पशुपालन की संभावनाओं, विभाग की सेवाओं के आधुनिकीकरण और अन्य मुद्दों का विस्तृत ब्यौरा पेश किया। इस अवसर पर विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी, कृषि विभाग के उपनिदेशक डॉ. शशिपाल अत्री, मिल्क फैडरेशन की अधिकारी सुनीता कुमारी, ग्रामीण विकास विभाग और अन्य विभागों के अधिकारी, जिला के प्रगतिशील पशुपालकों के प्रतिनिधि के रूप में अनिल कुमार और तरसेम चंद भी उपस्थित रहे।
-0-

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।