पनसाई के एक परिवार की समस्या के निवारण के लिए सीएम के निर्देश पर मौके पर पहुंचे अधिकारी

नादौन ।
ग्राम पंचायत पनसाई के गांव छोटा बल्ह में मुख्य बस्ती से काफी दूर बने एक नए मकान में बिजली और पानी के कनेक्शन के संबंध में सोशल मीडिया में वायरल हुए एक वीडियो का त्वरित संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सभी संबंधित अधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंचकर इस समस्या का निवारण करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री के निर्देश मिलते ही बिजली बोर्ड के एक्सईएन हिमेश कुमार, नायब तहसीलदार बलवंत सिंह, जलशक्ति विभाग के जेई अमित कुमार, नादौन स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी शनिवार सुबह गांव छोटा बल्ह पहुंचे तथा मकान की मालिक वीना देवी, उसके पति राहुल सिंह, मां और भाई से बातचीत करके उनकी समस्या सुनी। इस अवसर पर स्थानीय पंचायत जनप्रतिनिधि और अन्य गांववासी भी उपस्थित रहे।
स्थानीय निवासियों की उपस्थिति में बिजली बोर्ड और जलशक्ति विभाग के अधिकारियों ने वीना देवी तथा उनके परिजनों को बताया कि बिजली एवं पेयजल कनेक्शन के लिए सभी आवश्यक सामग्री अतिशीघ्र साइट पर पहुंचा दी जाएगी और जहां से बिजली एवं पाइपलाइन बिछाई जानी है, उस जमीन के मालिकों की सहमति के आधार पर तुरंत कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
अधिकारियों ने वीना देवी और उनके परिजनों से आग्रह किया कि वे खंभे एवं पाइपें लगाने के कार्य के समय संबंधित जमीन मालिकों की मौके पर उपस्थिति सुनिश्चित करें, ताकि यह कार्य बिना किसी विवाद के और शीघ्रता से पूर्ण किया जा सके।
अधिकारियों के इस आग्रह पर वीना देवी और उनके परिजनों ने सहमति जताई तथा इस मामले में त्वरित कार्रवाई के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का आभार व्यक्त किया।
-0-

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।