पंचायतीराज संस्थाओं के 8 पदों के लिए मतदान 29 को

हमीरपुर ,

जिला की विभिन्न पंचायतीराज संस्थाओं में रिक्त हुए 8 पदों पर उपचुनाव के लिए 29 सितंबर को मतदान होगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) अमरजीत सिंह ने बताया कि जिला परिषद वार्ड बगेहड़ा के सदस्य के लिए विकास खंड सुजानपुर और विकास खंड बमसन की कुल 15 ग्राम पंचायतों खैरी, बैरी, रंगड़, टीहरा, जंगल, बीड़-बगेहड़ा, चलोह, जोल-पलाही, ठाणा धमड़ियाणा, डेरा, बजरोल, भेरड़ा, कक्कड़, जंदड़ू और खनौली में मतदान होगा।
इसके अलावा विकास खंड भोरंज की ग्राम पंचायत भकेड़ा में प्रधान, विकास खंड बमसन की ग्राम पंचायत स्वाहल तथा विकास खंड नादौन की ग्राम पंचायत भदरोल में उपप्रधान के पदों के लिए मतदान करवाया जाएगा।
विकास खंड भोरंज की ग्राम पंचायत नाहलवीं के वार्ड नंबर-4, नादौन की ग्राम पंचायत रैल के वार्ड नंबर-5, विकास खंड बिझड़ी की ग्राम पंचायत बड़ाग्रां के वार्ड नंबर-5 और ग्राम पंचायत बड़सर के वार्ड नंबर-9 में पंचायत सदस्यों के चुनाव के लिए वोट डाले जाएंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) ने बताया कि प्रधान, उपप्रधान और पंचायत सदस्यों के पदों के लिए मतों की गिनती 29 सितंबर शाम को ही संबंधित पंचायत मुख्यालयों में पूर्ण कर ली जाएगी। जबकि, जिला परिषद वार्ड बगेहड़ा के उपचुनाव की मतगणना 30 सितंबर को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सुजानपुर में होगी।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।