नृत्य प्रतिभा का परचम : डांस हिमाचल डांस सीजन–11 में वैष्णवी ठाकुर रही उपविजेता

हमीरपुर ,

हिम अकादमी पब्लिक स्कूल, विकासनगर की कक्षा छठी की प्रतिभाशाली छात्रा वैष्णवी ठाकुर ने डांस
हिमाचल डांस सीजन–11 में उपविजेता का स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया
है। इस प्रतिष्ठित नृत्य प्रतियोगिता में वैष्णवी ने अपनी सशक्त प्रस्तुति, लयबद्ध भाव-भंगिमाओं
और आत्मविश्वास से भरे मंच प्रदर्शन द्वारा निर्णायकों तथा दर्शकों को विशेष रूप से प्रभावित किया।
उनकी यह उपलब्धि यह दर्शाती है कि निरंतर अभ्यास, अनुशासन और लगन से किसी भी क्षेत्र में
सफलता प्राप्त की जा सकती है। वैष्णवी की इस उल्लेखनीय सफलता के उपलक्ष्य में विद्यालय में
एक विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रधानाचार्या डॉ. हिमांशु शर्मा,
मुख्याध्यापिका श्रीमती कंचन लखनपाल एवं समन्वयिका श्रीमती मनीषा मारवाह ने वैष्णवी ठाकुर को
सम्मानित किया तथा उसकी मेहनत और समर्पण की सराहना की। उन्होंने छात्रा के उज्ज्वल भविष्य
की कामना करते हुए उसे आगे भी अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिता में
उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए वैष्णवी को ₹3,000 की नकद राशि, आकर्षक ट्रॉफी एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान
किया गया। इस सफलता के पीछे विद्यालय के नृत्य अध्यापक श्री विकास अटवाल का विशेष
योगदान रहा, जिनके कुशल मार्गदर्शन, नियमित अभ्यास सत्रों और प्रोत्साहन से वैष्णवी ने अपने
नृत्य कौशल को और अधिक सुदृढ़ किया। विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण एवं अभिभावकों ने वैष्णवी
ठाकुर की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उसे हार्दिक बधाई दी। सभी ने आशा व्यक्त
की कि वैष्णवी भविष्य में भी अपनी कला के माध्यम से विद्यालय और प्रदेश का नाम रोशन करती
रहेगी।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।