निर्वाचन आयोग के पर्यवेक्षकों ने किया निरीक्षण, मतदान केंद्रों का भी किया दौरा

हमीरपुर।
विधानसभा क्षेत्र 38-हमीरपुर के उपचुनाव के मद्देनजर आदर्श आचार संहिता की अक्षरशः अनुपालना सुनिश्चित करने, उम्मीदवारों के चुनावी खर्च पर कड़ी नजर रखने तथा निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्वक संपन्न करवाने के लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा सामान्य पर्यवेक्षक के रूप में नियुक्त किए गए वरिष्ठ आईएएस अधिकारी चंद्रभूषण त्रिपाठी और व्यय पर्यवेक्षक आनंद कुमार स्वयं भी फील्ड में जाकर निरीक्षण कर रहे हैं।
शनिवार को उन्होंने जिला मुख्यालय के साथ-साथ हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र के अन्य इलाकों का भी दौरा किया। इस दौरान उन्हांेने डिडवीं टिक्कर के मतदान केंद्र का निरीक्षण भी किया और वहां उपलब्ध विभिन्न सुविधाओं का जायजा लिया।
सामान्य पर्यवेक्षक चंद्रभूषण त्रिपाठी ने स्थानीय अधिकारियों से डिडवीं टिक्कर में मतदाताओं की संख्या, मतदान केंद्र से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं, बिजली-पानी, शौचालय, दिव्यांगों के लिए रैंप और अन्य आवश्यक सुविधाओं की विस्तृत जानकारी भी ली तथा उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
सामान्य पर्यवेक्षक ने स्थानीय अधिकारियों से कहा कि मतदाताओं की सुविधा के लिए डिडवीं टिक्कर और अन्य मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त व्यवस्था की जा सकती है। उन्होंने कहा कि मतदान के दिन 10 जुलाई को भारी गर्मी या बारिश की स्थिति में मतदाताओं के लिए अतिरिक्त प्रतिक्षा कक्ष बनाने की संभावनाएं तलाशी जानी चाहिए।
व्यय पर्यवेक्षक आनंद कुमार ने फील्ड में तैनात उड़न दस्तों, स्टैटिक सर्विलांस टीमों और वीडियो सर्विलांस टीमों के प्रभारियों को अलर्ट रहने तथा किसी भी तरह की शिकायत मिलने पर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।