नारी शक्ति का अपमान अब और नहीं, कांग्रेस के महिला विरोधी चेहरे को बेनकाब करेगी भाजपा: कमलेश कुमारी

हमीरपुर,
शिमला के ऐतिहासिक चौड़ा मैदान में जन आक्रोश महिला पदयात्रा का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर पूर्व विधायक एवं भाजपा प्रदेश महामंत्री महिला मोर्चा कमलेश कुमारी ने उपस्थित मातृशक्ति को संबोधित करते हुए कांग्रेस पार्टी की केंद्र और राज्य इकाई पर तीखा प्रहार किया।

कमलेश कुमारी ने कहा कि यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि कांग्रेस पार्टी ने लोकसभा में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के खिलाफ मतदान कर इसे रोकने का कार्य किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने न केवल इस बिल का विरोध किया, बल्कि देश की करोड़ों महिलाओं के सपनों और उनके संवैधानिक अधिकारों पर सीधा आघात पहुंचाया। जब महिलाओं को उनका अधिकार देने का समय आया, तब कांग्रेस ने पीठ दिखाकर अपना वास्तविक महिला विरोधी चेहरा उजागर कर दिया।

प्रदेश सरकार को घेरते हुए कमलेश कुमारी ने कहा कि सरकार के चार वर्ष पूरे होने को हैं, लेकिन प्रदेश की महिलाएं आज भी अपने हक के 1500 रुपये का इंतजार कर रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पर प्रत्येक पात्र महिला के प्रति 40 महीनों के हिसाब से 60,000 रुपये का दायित्व बनता है।

उन्होंने कहा कि चुनाव के समय दी गई गारंटियां केवल एक चुनावी स्टंट साबित हुई हैं। केंद्र में आरक्षण का विरोध और प्रदेश में आर्थिक वादाखिलाफी, यही कांग्रेस की असलियत है।

कमलेश कुमारी ने पदयात्रा में उमड़ी भारी भीड़ का आह्वान करते हुए कहा कि अब महिलाएं जागरूक हो चुकी हैं और अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करना जानती हैं। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि जब भी कोई कांग्रेसी नेता उनके क्षेत्र में आए, तो उनसे पिछले 40 महीनों के 1500 रुपये का हिसाब अवश्य मांगा जाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हिमाचल की महिलाओं के साथ वादाखिलाफी की है, जिसका जवाब जनता आने वाले समय में अवश्य देगी।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।