नादौन में यशपाल जयंती पर आयोजित किया गया साहित्यिक समारोह

नादौन ।

स्वतंत्रता सेनानी एवं साहित्यकार यशपाल की जयंती के उपलक्ष्य पर भाषा, कला एवं संस्कृति विभाग ने शनिवार को यहां यशपाल साहित्य प्रतिष्ठान में एक साहित्यिक समारोह आयोजित किया, जिसमें जिला हमीरपुर के विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिष्ठित साहित्यकारों, कवियों, लेखकों तथा साहित्य प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
हमीरपुर के एडीसी अभिषेक गर्ग ने दीप प्रज्वलन के साथ इस कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि महान लेखक यशपाल का साहित्य समाज में न्याय, समानता और मानवीय मूल्यों की स्थापना के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। समारोह के आयोजन के लिए विभाग की सराहना करते हुए एडीसी ने इस तरह की साहित्यिक गतिविधियां नियमित रूप से आयोजित करने पर बल दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार ओपी शर्मा ने की। जिला भाषा अधिकारी संतोष पटियाल ने मुख्य अतिथि, सभी साहित्यकारों और कवियों का स्वागत किया तथा स्वतंत्रता सेनानी एवं लेखक यशपाल के जीवन तथा उनके योगदान पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के पहले सत्र में लेखक गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें प्रसिद्ध साहित्यकारों ओपी शर्मा, राजेंद्र राजन, और राम चंद रत्नाकर ने अपने शोध लेख प्रस्तुत किए। अन्य साहित्यकारों ने भी परिचर्चा में भाग लिया।
दूसरे सत्र में आयोजित कवि सम्मेलन में लाल चंद ठाकुर, राम चंद शास्त्री, होशियार सिंह, दलीप सिंह, देशराज कमल, केसर सिंह पटियाल, डॉ. सुशीला गौतम, केहर सिंह, डॉ. पिंकी शर्मा, नीरज पखरोलवी, अनिल कुमार सोनी, कार्तिक शर्मा, संतोष कुमारी, सोनिका पखरोलवी, नीलम कुमारी और अन्य कवियों ने अपनी रचनाएं प्रस्तुत कीं। ज्योति प्रकाश ने मंच का संचालन किया।
इस अवसर पर एडीसी ने यशपाल साहित्य प्रतिष्ठान में स्थापित ‘किताब घर’ का अवलोकन भी किया। इस किताब घर में हिमाचल प्रदेश के साहित्यकारों की पुस्तकें और पत्रिकाएं अवलोकन एवं बिक्री के लिए उपलब्ध करवाई गई हैं।

5 Attachments
• Scanned by Gmail

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।