नादौन की 6 पंचायतों की मेधावी छात्राओं को किया पुरस्कृत  

नादौन ।

बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय नादौन ने बेटियों को प्रोत्साहित करने के लिए ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना’ के अंतर्गत क्षेत्र की छह ग्राम पंचायतों भरमोटी, भदरोल, गौना, कमलाह, बसारल और मझियार की मेधावी छात्राओं को विशेष रूप से पुरस्कृत किया।
बाल विकास परियोजना अधिकारी संजय गर्ग की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में पलक पुत्री वीरेंद्र कुमार, सिमरन पुत्री अश्वनी कुमार, प्रियंका पुत्री प्रवीण कुमार, जाहनवी पुत्री दिनेश कुमार, राबिया पुत्री राजीव भारती, अर्शी पुत्री सुनील कुमार, सामवी पुत्री अरुण दत्त और अन्य प्रतिभाशाली छात्राओं को पुरस्कार दिए गए।
इस अवसर पर सभी मेधावी छात्राओं और उनके अभिभावकों को बधाई देते हुए बाल विकास परियोजना अधिकारी संजय गर्ग ने कहा कि आज के दौर में लड़कियां किसी भी क्षेत्र में लड़कों से पीछे नहीं हैं। उन्होंने हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा एवं क्षमता का लोहा मनवाया है। बाल विकास परियोजना अधिकारी ने बताया कि ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना’ के माध्यम से लड़कियों को प्रेरित एवं प्रोत्साहित किया जा रहा है तथा आम लोगों को लड़का-लड़की में किसी भी तरह का भेदभाव न करने की नसीहत दी जा रही है। मेधावी छात्राओं की उपलब्धियों की चर्चा करते हुए संजय गर्ग ने अन्य बच्चों को भी इनसे प्रेरणा लेने का आहवान किया।
कार्यक्रम में प्रतिभाशाली बेटियों के अभिभावक, वृत पर्यवेक्षक संजय कुमार, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।