नशे के खात्मे के लिए सभी करें सहयोग: एसपी,‘वार अगेंस्ट ड्रग्स’ के शुभारंभ अवसर पर एसपी भगत सिंह ठाकुर ने की अपील

हमीरपुर ।
जिला में नशीले पदार्थों के सेवन और इनकी तस्करी को रोकने तथा नशे के सौदागरों पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस ने ‘वार अगेंस्ट ड्रग्स’ अभियान शुरू किया है। एसपी भगत सिंह ठाकुर ने यहां टाउन हॉल में आयोजित एक कार्यशाला के दौरान ‘वार अगेंस्ट ड्रग्स’ अभियान का शुभारंभ किया। इस कार्यशाला में पुलिस थाना हमीरपुर के अंतर्गत आने वाली 66 पंचायतों तथा नगर परिषद हमीरपुर के जनप्रतिनिधियों, स्कूलों और उच्च एवं व्यावसायिक शिक्षण संस्थानों के प्रमुखों, सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ताओं, क्षेत्र के बुद्धिजीवियों तथा अन्य लोगों ने भाग लेकर नशा उन्मूलन का संकल्प लिया।
इस अवसर पर एसपी ने कहा कि नशे को पूरी तरह खत्म करने के लिए सिर्फ पुलिस ही नहीं, बल्कि जिला के प्रत्येक नागरिक का भी कर्तव्य है। इसके खात्मे के लिए सभी जिलावासी पुलिस का सहयोग करें और ‘वार अगेंस्ट ड्रग्स’ अभियान को एक जन आंदोलन का रूप दें।
भगत सिंह ठाकुर ने बताया कि इस अभियान को एक सुनियोजित ढंग से चलाया जाएगा तथा इसे जिला की प्रत्येक पंचायत के हर वार्ड तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने बताया कि अभियान की विधिवत शुरुआत से पहले प्रारंभिक चरण में जिला पुलिस ने विभिन्न शिक्षण संस्थानों में नशा उन्मूलन से संबंधित संगोष्ठियां आयोजित की हैं और अब इसमंे सभी पंचायतों एवं शहरी निकायों के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ताओं और बुद्धिजीवी वर्ग को भी जोड़ा जा रहा है।

एसपी ने बताया कि इसी कड़ी में जिला हमीरपुर के सभी थानों के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों के लोगों के लिए कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। इसकी शुरुआत हमीरपुर थाने से की जा रही है। इसी तरह अन्य थानों के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों में भी ये कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे तथा नशा उन्मूलन अभियान को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। एसपी ने कहा कि इसमें पंचायत जनप्रतिनिधियों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण रहेगी, क्योंकि उन्हें अपने इलाके की हर घटना की जानकारी होती है तथा वे नशे के सेवन या तस्करी में संलिप्त लोगों पर शिकंजा कसने में मददगार साबित हो सकते हैं।

कार्यशाला के दौरान जिला पुलिस द्वारा किए जा रहे नशा विरोधी कार्यों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई तथा इससे संबंधित एक गीत भी दिखाया गया। एएसपी राजेश कुमार ने कार्यशाला के आयोजन में सहयोग एवं सक्रिय भागीदारी के लिए विभिन्न विभागों, शिक्षण संस्थानों और पंचायत जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन एसआई रीतू ने किया।
इस अवसर पर सहायक आयुक्त राकेश शर्मा, उच्चतर शिक्षा उपनिदेशक अनिल कौशल, एनआईटी की रजिस्ट्रार डॉ. अर्चना संतोष नानोटी, डीएसपी नितिन चौहान, डॉ. अजय अत्री और अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।