नवोदय चयन परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन 16 सितंबर तक

हमीरपुर ,
जवाहर नवोदय विद्यालय डूंगरी में शैक्षणिक सत्र 2025-26 में छठी कक्षा में प्रवेश के लिए लिखित परीक्षा शनिवार 18 जनवरी 2025 को आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा के लिए पात्र एवं इच्छुक विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 16 सितंबर निर्धारित की गई है।
एडीएम राहुल चौहान ने प्रारंभिक शिक्षा विभाग के उपनिदेशक और जिला के सभी सरकारी एवं गैर सरकारी स्कूलों के मुख्यध्यापकों एवं प्रधानाचार्यों को नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा के लिए अपने-अपने संस्थानों के अधिक से अधिक विद्यार्थियों का पंजीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
उधर, नवोदय विद्यालय के प्राचार्य विक्रम कुमार ने बताया कि परीक्षा से संबंधित नियमों एवं पात्रता की शर्तों की जानकारी नवोदय की वेबसाइट नवोदया.जीओवी.इन navodaya.gov.in  पर उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2024-25 के दौरान हमीरपुर जिले के किसी भी मान्यता प्राप्त संस्थान में पांचवीं कक्षा में अध्ययनरत विद्यार्थी जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन कर सकते हैं।
  प्राचार्य ने बताया कि विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों की सुविधा के लिए विद्यालय में हेल्प डेस्क भी स्थापित किया गया है। यदि किसी विद्यार्थी या उसके अभिभावक को ऑनलाइन आवेदन में कोई समस्या आ रही है तो वे मोबाइल नंबर 82194-82550 और 89540-39120 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा किसी भी कार्य दिवस को जवाहर नवोदय विद्यालय डूंगरी में अपने सभी प्रमाण पत्रों और आधार लिंक्ड मोबाइल नंबर के साथ आकर ऑनलाइन पंजीकरण करवा सकते हैं।
प्राचार्य ने जिला हमीरपुर के पात्र एवं इच्छुक विद्यार्थियों से 16 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की है।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।