नवगठित जिला परिषद की पहली त्रैमासिक बैठक में कई मुद्दों पर चर्चा

हमीरपुर 07 सितंबर।

नवगठित जिला परिषद की पहली त्रैमासिक बैठक सोमवार को अनीता शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इस बैठक में परिषद के विभिन्न सदस्यों की ओर से उठाए गए मुद्दों एवं प्रश्नों पर संबंधित अधिकारियों के साथ व्यापक चर्चा की गई। इसके अलावा वीबी-जीरामजी योजना के शैल्फों और परिषद की आय-व्यय को लेकर पर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में नए सदस्यों ने मुख्यतः मूलभूत सुविधाओं जैसे-सड़क, पेयजल और परिवहन इत्यादि से संबंधित समस्याओं को लेकर विभागीय अधिकारियों से विस्तृत रिपोर्ट ली।
इस अवसर पर अध्यक्ष अनीता शर्मा ने कहा कि जिला परिषद के सदस्यों द्वारा उठाए गए सभी मुद्दे सीधे आम जनता से जुड़े होते हैं। इसलिए, संबंधित अधिकारी प्राथमिकता के आधार पर इनका समाधान सुनिश्चित करें।
एडीसी एवं परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अभिषेक गर्ग ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे परिषद के सदस्यों की ओर से उठाए गए सभी मुद्दों पर त्वरित कार्रवाई करें। बैठक का संचालन जिला परिषद की सचिव एवं जिला पंचायत अधिकारी बबीता गुलेरिया ने किया। इस अवसर पर परिषद के सदस्य और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।