“नन्हें सांसदों की संसद: हिम अकादमी में यूथ पार्लियामेंट ने रचा लोकतंत्र का जीवंत मंच”

हमीरपुर,

हिम अकादमी पब्लिक स्कूल विकास नगर में 28 जनवरी, 2026 को कक्षा सातवीं के
विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता के साथ यूथ पार्लियामेंट का प्रभावशाली आयोजन किया
गया। यह कार्यक्रम शिक्षिका प्रभारी श्रीमती पूजा शर्मा के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम
के दौरान प्रश्नकाल एवं सत्तापक्ष-विपक्ष के बीच सार्थक वाद-विवाद आयोजित हुआ, जिसमें
विद्यार्थियों ने समानता, महिला सुरक्षा, नई शिक्षा नीति 2020, सड़क एवं यातायात सुरक्षा,
रेलवे, जीएसटी, दिल्ली वायु प्रदूषण, आतंकवाद, ऑपरेशन सिंदूर, पहलगाम आतंकी हमला
तथा ग्लोबल वार्मिंग एवं जलवायु परिवर्तन जैसे समसामयिक और राष्ट्रीय महत्व के विषयों
पर अपने विचार रखे। यह गतिविधि एसडीजी-4 (गुणवत्तापूर्ण शिक्षा) के साथ-साथ
पर्यावरणीय जागरूकता को भी सुदृढ़ करती है। विद्यार्थियों ने आत्मविश्वास के साथ संसदीय
प्रक्रियाओं का जीवंत प्रदर्शन किया। क्षितिज ने प्रधानमंत्री, आरव भारद्वाज ने नेता प्रतिपक्ष
तथा अथर्व सोंखले ने अध्यक्ष (स्पीकर) की भूमिका निभाई। सत्तापक्ष एवं विपक्ष के
विद्यार्थियों ने मंत्रियों की भूमिका निभाकर संसदीय कार्यवाही को प्रभावी बनाया। वहीं
अभिजय, भाग्यश्री एवं प्रियांशी वशिष्ठ ने मीडिया प्रतिनिधियों के रूप में कार्यक्रम को
वास्तविक स्वरूप प्रदान किया। कुछ विद्यार्थियों ने विदेशी प्रतिनिधियों की भूमिका निभाकर
कार्यक्रम को और अधिक रोचक एवं प्रभावशाली बनाया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय
प्रबंधन ने इस नवाचारपूर्ण आयोजन की सराहना करते हुए सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को
शुभकामनाएँ दीं और भविष्य में भी इस प्रकार की रचनात्मक व शैक्षिक गतिविधियों को
प्रोत्साहित करने की बात कही।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।