धनेड़ में पोषण चौपाल लगाकर दिया ‘सही पोषण, देश रोशन’ का संदेश

हमीरपुर ।
आठवें राष्ट्रीय पोषण माह के अवसर पर बाल विकास परियोजना हमीरपुर के सौजन्य से ग्राम पंचायत धनेड़ में जागरुकता कार्यक्रम का आयोजन उप प्रधान विपिन कुमार की अध्यक्षता में किया गया। इसमें डॉ. श्रेया भाटिया ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।
उन्होंने ‘सही पोषण देश रोशन’ पर लोगों को जागरुक करते हुए गर्भावस्था से ही संतुलित आहार लेने तथा प्रसव के तुरंत बाद बच्चों को स्तनपान शुरू करने और मां के पहले दूध जिसे कोलोस्ट्रम कहते हैं, को बच्चे को पिलाने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि यह दूध बच्चे के लिए प्राकृतिक टीकाकरण जैसा होता है।
डॉ. श्रेया भाटिया ने कहा कि 6 माह तक केवल और केवल मां का दूध ही बच्चे को दिया जाए जैसे ही बच्चा 6 महीने का हो जाए उसे हल्का गाढ़ा भोजन दिया जाए तथा कम से कम 2 वर्ष तक मां बच्चे को दूध पिलाए जिससे हम कुपोषण को जड़ से मिटाने में सफल होंगे। इसके साथ-साथ उन्होंने छोटे बच्चों को कम से कम मोबाइल दिखाने तथा जंक फूड न देने के बारे में भी जागरुक किया।
कार्यक्रम में संरक्षण अधिकारी एवं वृत्त पर्यवेक्षक तिलकराज ने भी 6 वर्ष से कम उम्र के बच्चों का आंगनबाड़ी केंद्र में हर महीने वजन और ऊंचाई का माप लेने के लिए लोगों को प्रेरित किया जिससे कुपोषण का पता चल सके और कुपोषित बच्चों का स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र व पोषण पोषण पुनर्वास केंद्र में उपचार किया जा सके। कार्यक्रम में रीता कुमारी पोषण खंड समन्वयक ने मोटापे की समस्या एवं इससे निपटारे के लिए चीनी, घी और तेल का कम से कम उपयोग करने के लिए लोगों को जागरुक किया उन्होंने पारंपरिक व्यंजनों के साथ-साथ स्थानीय फल व सब्जी का अधिक से अधिक प्रयोग करने की भी सलाह दी ।
शिविर में स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों के साथ-साथ गर्भवती एवं धात्री माताओं, महिला मंडल सदस्यों तथा स्थानीय ग्रामवासियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। इस अवसर पर आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं व सहायिकाओं ने पौष्टिक व्यंजनों की प्रदर्शनी भी लगाई।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।