देश के विकास में डाटा एकत्रीकरण की बहुत बड़ी भूमिका : अभिषेक गर्ग

हमीरपुर 30 जून।

राष्ट्रीय सांख्यिकी दिवस के उपलक्ष्य पर जिला सांख्यिकीय अधिकारी कार्यालय ने यहां हमीर भवन में एक कार्यक्रम आयोजित किया, जिसमें एडीसी अभिषेक गर्ग ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया।
इस अवसर पर सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को शुभकामनाएं देते हुए एडीसी ने कहा कि भारत में आधुनिक सांख्यिकी के जनक प्रशांत चंद्र महालनोबिस के जन्म दिवस 29 जून को राष्ट्रीय सांख्यिकी दिवस के रूप में मनाया जाता है। वर्ष 2007 में यह दिवस मनाने का निर्णय लिया गया था। इस वर्ष का राष्ट्रीय सांख्यिकी दिवस ‘राष्ट्रीय सैंपल सर्वे के 75 वर्ष’ थीम के साथ मनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि किसी भी देश के चहुमुखी विकास के लिए नीतियां एवं योजनाएं तैयार करने और उन योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए सांख्यिकी की बहुत बड़ी भूमिका होती है। किसी भी तरह के आंकड़ों के सही एकत्रीकरण एवं विश्लेषण से ही हम देश और समाज की आवश्यकताओं के अनुसार योजना तैयार कर सकते हैं तथा उन्हें धरातल पर क्रियान्वित कर सकते हैं। इसलिए, आंकड़ों के एकत्रीकरण में शुद्धता, प्रमाणिकता और सटीकता का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए।
एडीसी ने सभी अधिकारियों से कहा कि वे अपने-अपने कार्य क्षेत्रों में विभिन्न योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के साथ-साथ आंकड़ों का सही एकत्रीकरण एवं विश्लेषण करके इन योजनाओं के बारे में फीडबैक भी दें। इस अवसर पर उन्होंने सेवानिवृत्त जिला सांख्यिकीय अधिकारियों राम सिंह परमार, पीसी शर्मा, त्रिलोक चंद और सुनील कुमार को विशेष रूप से सम्मानित किया।
इससे पहले, जिला सांख्यिकीय अधिकारी अशोक कुमार ने मुख्य अतिथि, सभी अधिकारियों और सेवानिवृत्त जिला सांख्यिकीय अधिकारियों एवं अन्य कर्मचारियों का स्वागत किया तथा भारत में आधुनिक सांख्यिकी के जनक प्रशांत चंद्र महालनोबिस के योगदान के बारे में विस्तृत जानकारी दी। अशोक कुमार ने कहा कि आर्थिकी एवं सांख्यिकी विभाग समय-समय पर कई महत्वपूर्ण आर्थिक और सामाजिक सर्वेक्षणों को सफलतापूर्वक अंजाम देता है, जिनके आधार पर सरकारी नीतियां और योजनाएं तैयार की जाती हैं। कार्यक्रम में जिला सूचना विज्ञान अधिकारी अनुराग गुप्ता, जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा और अन्य विभागों के अधिकारी भी उपस्थित थे।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।