दीप्ति राणा ने संभाला हमीरपुर के सीबीएसई स्कूल के प्रधानाचार्य का कार्यभार

हमीरपुर 11 अगस्त।

प्रदेश सरकार द्वारा हाल ही में सीबीएसई के अधीन किए गए शहीद कैप्टन मृदुल शर्मा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हमीरपुर में नई प्रधानाचार्य दीप्ति राणा ने सोमवार को अपना कार्यभार संभाल लिया।
एमएससी बीएड डिग्रीधारक 45 वर्षीय दीप्ति राणा शिक्षा विभाग में 10 वर्षों से प्रधानाचार्य के रूप में अपनी सेवाएं दे रही हैं और प्रदेश सरकार द्वारा सीबीएसई स्कूलों में प्रधानाचार्य के पदों के लिए आयोजित परीक्षा में उन्होंने प्रदेश भर में दूसरा और जिला हमीरपुर में पहला स्थान प्राप्त किया था।
इससे पहले दीप्ति राणा ने शिक्षा विभाग में वर्ष 2006 में टीजीटी मेडिकल के रूप में अपनी सेवाएं आरंभ की थीं। वर्ष 2012 में हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा मुख्यध्यापक के पदों के लिए आयोजित परीक्षा को क्वालीफाई करके वह मुख्यध्यापक के पद पर नियुक्त हुईं और इसके बाद वह वर्ष 2016 में मात्र 35 वर्ष की आयु में ही प्रधानाचार्य के पद पर पदोन्नत हो गईं।
उच्च शिक्षित परिवार से संबंध रखने वाली दीप्ति राणा के पति डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कालेज हमीरपुर में फॉरेंसिक विभाग के विभागाध्यक्ष के पद पर सेवाएं दे रहे हैं। उनकी बड़ी बहन भी स्कूल प्रधानाचार्य के रूप में सेवारत हैं।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।