दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए सभी आवश्यक कदम उठाएं संबंधित विभाग , उपायुक्त अमरजीत सिंह ने दिए निर्देश

हमीरपुर ।

उपायुक्त अमरजीत सिंह ने सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने तथा इन्हें विभिन्न योजनाआओं के माध्यम से लाभान्वित करने के निर्देश दिए हैं। सोमवार को उपमंडल भोरंज के गांव पपलाह की हिमाचल दिव्यांग कल्याण सभा की ओर से प्राप्त मांग पत्र पर उपायुक्त ने ये निर्देश दिए।
उपायुक्त ने सभा के उपाध्यक्ष रोशन लाल को भरोसा दिया कि दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए जिला में विशेष प्रावधान किए जाएंगे। उनके लिए उपमंडल एवं तहसील स्तर पर ही मेडिकल जांच शिविर और अन्य आवश्यक सुविधाएं प्रदान करने की संभावनाएं तलाशी जाएंगी।
उपायुक्त ने 3 दिसंबर को अंतर्राष्ट्रीय विकलांग दिवस के आयोजन को लेकर भी सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए। हिमाचल दिव्यांग कल्याण सभा के उपाध्यक्ष रोशन लाल ने सभा की मांगों के प्रति संवेदनशीलता और तत्परता के लिए उपायुक्त का आभार व्यक्त किया।
-0-

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।