दरूण की महिलाओं ने सीखा अचार, पापड़ और मसाला पाउडर बनाना

हमीरपुर ।

पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) द्वारा तहसील भोरंज के गांव दरूण में स्थानीय महिलाओं के लिए आयोजित दस दिवसीय प्रशिक्षण शिविर बुधवार को संपन्न हो गया।
शिविर के समापन अवसर पर पंजाब नेशनल बैंक के सर्कल कार्यालय हमीरपुर के मुख्य प्रबंधक एवं आरसेटी के नोडल अधिकारी संजय कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने प्रतिभागी महिलाओं को विभिन्न ऋण योजनाओं तथा उद्यमिता के बारे में विस्तृत जानकारी दी। संजय कुमार ने कहा कि आरसेटी के माध्यम से प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद महिलाएं अगर अपना उद्यम लगाना चाहती हैं तो पंजाब नेशनल बैंक और आरसेटी की ओर से उन्हें हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी।
इससे पहले, आरसेटी के निदेशक अजय कुमार कतना ने मुख्य अतिथि, अन्य अधिकारियों और शिविर की प्रतिभागी महिलाओं का स्वागत किया तथा शिविर के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस शिविर में गांव की 30 महिलाओं ने प्रशिक्षण प्राप्त किया। संसार चंद राणा और नीलम देवी ने प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया।
समापन अवसर पर वित्तीय साक्षरता सलाहकार जीसी भट्टी, आरसेटी के फैकल्टी मैंबर विनय चौहान, ट्रेनर दलजीत सिंह और आरसेटी के अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।