तलाई से बचे खाद्य तेल की कलेक्शन की तिथि जल्द होगी निर्धारित,इस तेल को स्टोर करके रखें सभी व्यवसायी, 30 रुपये प्रति लीटर दाम मिलेगा

हमीरपुर ।

एडीएम राहुल चौहान ने बताया कि जिला के होटलों, ढाबों और मिठाई की दुकानों इत्यादि में तलाई के बाद बचे खाद्य तेल की कलेक्शन के लिए पहले 20 अक्तूबर की तिथि निर्धारित की गई थी। लेकिन, खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार अभी जिला के होटलों, ढाबों और दुकानों इत्यादि में लगभग 410 लीटर तेल उपलब्ध है। जबकि, तेल एकत्रित करने के लिए प्राधिकृत बद्दी की एक फर्म सूर्या एनवायरो बायो डीजल मेन्युफेक्चरर को कम से कम 800 लीटर तक तेल की आवश्यकता रहेगी, ताकि वह इसे 30 रुपये प्रति लीटर की दर से खरीदने के बाद इसके परिवहन और अन्य खर्चों की भरपाई कर सके।
एडीएम ने बताया कि इसको देखते हुए अब तेल की कलेक्शन के लिए नई तिथि जल्द ही तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में दीपावली और अन्य त्योहारों के दौरान मिठाइयां आदि की अत्यधिक मांग होने के कारण जिला में इस तरह के तेल की मात्रा काफी ज्यादा हो सकती है। इसलिए, सभी व्यवसायी इस बचे हुए तेल को स्टोर करके रखें।

राहुल चौहान ने कहा कि दीपावली के तुरंत बाद बद्दी की प्राधिकृत फर्म सूर्या एनवायरो बायो डीजल मेन्युफेक्चरर को जिला हमीरपुर से तेल एकत्रित करने के निर्देश दिए जाएंगे तथा इसके लिए तिथि निर्धारित की जाएगी। व्यवसायियों को नई निर्धारित तिथि की सूचना प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया के माध्यम से दे दी जाएगी।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।