तकनीकी विश्वविद्यालय में बताया मासिक धर्म स्वच्छता का महत्व

हमीरपुर।

जिला कार्यक्रम अधिकारी कार्यालय ने महिला एवं बाल विकास विभाग की महत्वाकांक्षी कार्यक्रम ‘वो दिन’ योजना के तहत सोमवार को दड़ूही स्थित हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय के परिसर में एक जागरुकता शिविर आयोजित किया।
शिविर में बाल विकास परियोजना अधिकारी कुलदीप सिंह चौहान, जेंडर स्पेशलिस्ट वंदना ठाकुर, निशा देवी और प्रदीप कुमार तथा स्वास्थ्य विभाग के स्वास्थ्य शिक्षक कमल भारती ने विद्यार्थियों को मासिक धर्म और इससे संबंधित विभिन्न सावधानियों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। शिविर का उद्देश्य नई पीढ़ी को मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन एवं इससे जुड़ी भ्रांतिओं के प्रति जागरुक करना था।
इस अवसर पर स्वास्थ्य शिक्षक कमल भारती ने बताया कि मासिक धर्म को प्रभावी ढंग से प्रबंधित करने के लिए लड़कियों और महिलाओं को स्वच्छता सुविधाओं, सस्ती और उचित मासिक धर्म स्वच्छता सामग्री और एक सहायक वातावरण की आवश्यकता होती है। इन सुविधाओं से वे किसी भी तरह झिझक या शर्मिंदगी के बगैर मासिक धर्म का सही प्रबंधन करने में सक्षम होंगी। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी जीवनशैली में सुधार करने अपने खान-पान में फलों व हरी सब्जिओं का भरपूर सेवन करने की सलाह दी ताकि शरीर को आवश्यक पोषण मिलता रहे।
बाल विकास परियोजना अधिकारी कुलदीप चौहान ने भी विद्यार्थियों को मासिक धर्म से जुड़ी भ्रांतिओं पर विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि अपनी छोटी बहनों से मासिक धर्म के बारे में बात करना, उन्हें मासिक धर्म को समझने और उसके साथ सहज होने में मदद करने का एक महत्वपूर्ण कदम है। कार्यक्रम के अंत में मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन एवं अनीमिया विषय पर आयोजित चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता के प्रतिभागियों को पुरस्कृत भी किया गया।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।