हमीरपुर ,
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला काँगू में शनिवार को नशे से बचाव तथा सामाजिक जागरूकता के उद्देश्य से एक प्रभावशाली जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हमीरपुर के डिप्टी एस.पी. श्री हरीश गुलेरिया रहे, जिन्होंने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत करवाया और उन्हें इस सामाजिक बुराई के प्रति सतर्क रहने की प्रेरणा दी। यह कार्यक्रम क्राइम कंट्रोल एंड सोशल रिफॉर्म संगठन के सौजन्य से किया गया। जिसमें इस सगंठन के अध्यक्ष अनिल गुलेरिया , संतोष शर्मा, शक्ति चंद शर्मा, देश राज शीतल, योग राज, मदन लाल अरुण शर्मा , राजीव , अमित पटियाल , हर्षित गुलेरिया , अतुल शर्मा , राजेश,बालकृष्ण, संजीव, विजय , रमेश चंद, राज कुमार भाटिया उपस्थित रहे।
प्रधानाचार्या श्रीमती शंकुतला पटियाल की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में डिप्टी एस.पी. ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशे की शुरुआत अक्सर “मजाक” या “मस्ती” के रूप में होती है, लेकिन यह धीरे-धीरे व्यक्ति को मानसिक, शारीरिक व सामाजिक रूप से खोखला कर देती है। उन्होंने यह भी बताया कि नशे के सौदागर अब स्कूली बच्चों को भी अपने जाल में फंसाने की कोशिश कर रहे हैं, ऐसे में छात्रों को सतर्क रहना अत्यंत आवश्यक है।
डिप्टी एस.पी. गुलेरिया ने बताया कि पुलिस विभाग द्वारा चलाया जा रहा “वार अगेंस्ट ड्रग्स” अभियान हमीरपुर जिले में प्रभावशाली रूप से कार्य कर रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे खुद भी नशे से दूर रहें और अपने आसपास के लोगों को भी इसके खिलाफ जागरूक करें। किसी भी ऑनलाइन फ्रॉड गतिविधि की सूचना 1930 संबंधित पोर्टल पर रिपोर्ट करके दी जा सकती है।
कार्यक्रम के दौरान साइबर क्राइम, महिला सुरक्षा, सोशल मीडिया का विवेकपूर्ण प्रयोग, यातायात नियमों की जानकारी तथा महिला हेल्पलाइन नंबर जैसे विषयों पर भी महत्वपूर्ण जानकारियाँ दी गईं। कार्यक्रम के अंत में सभी छात्रों ने नशे के खिलाफ शपथ ली और समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया।
यह कार्यक्रम न केवल विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक रहा, बल्कि उनमें सामाजिक जिम्मेदारी और सजग नागरिक बनने की भावना को भी प्रबल किया। क्राइम कंट्रोल एंड सोशल रिफॉर्म संस्था के अध्यक्ष अनिल गुलेरिया ने इस कार्यक्रम को सफल बनाने लिए लिए डिप्टी एस पी हमीरपुर हरीश गुलेरिया , स्कूल की प्रधानाचार्य शकुंतला पटियाल, स्वास्थ्य विभाग की सारी टीम, स्कूल स्टाफ सदस्यों और बच्चों का आभार व्यक्त किया।
कैप्शन:
डिप्टी एस.पी. हमीरपुर श्री हरीश गुलेरिया कक्षा छठी से 12वीं कक्षा तक के विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए।
Author: Himachal Samvaad








