डीसी ने एनकॉर्ड की बैठक में की नशा निवारण के प्रबंधों की समीक्षा

हमीरपुर ।

उपायुक्त अमरजीत सिंह ने वीरवार को नारको कॉर्डिनेशन सेंटर-एनकॉर्ड (एनसीओआरडी) के अंतर्गत जिला स्तरीय समिति की बैठक की अध्यक्षता करके जिला में एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मामलों, नशीले पदार्थों की तस्करी रोकने तथा नशा निवारण से संबंधित प्रबंधों की समीक्षा की।
इस महत्वपूर्ण बैठक में एसपी भगत सिंह और एडीएम राहुल चौहान के अलावा स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, उच्च शिक्षण संस्थानों, युवा सेवाएं एवं खेल विभाग और अन्य विभागों के अधिकारियों, नशा मुक्ति केंद्र संचालित करने वाली संस्थाओं के पदाधिकारियों ने भी भाग लिया। इनके अलावा जिला के विभिन्न उपमंडलों के एसडीएम भी इस बैठक में वर्चुअल माध्यम से जुड़े।

इस अवसर पर एसपी भगत सिंह ने बताया कि जिला में इस वर्ष अभी तक एनडीपीएस एक्ट के तहत 42 केस दर्ज हो चुके हैं और इन मामलों में पुलिस ने त्वरित एवं कड़ी कार्रवाई की है। उन्होंने बताया कि इस दौरान जिला की पुलिस ने नशीले पदार्थों के कई बड़े मामलों और रैकेट्स को पकड़ा है। इसके अलावा आम लोगों, विशेषकर युवाओं को नशे के विरुद्ध जागरुक करने तथा भांग इत्यादि के पौधों को उखाड़ने का अभियान चलाने की तैयारी भी की है।
उपायुक्त अमरजीत सिंह ने कहा कि भांग उखाड़ो अभियान में ग्राम पंचायतों, महिला मंडलों, युवक मंडलों और अन्य स्थानीय संस्थाओं का सहयोग भी बहुत जरूरी है। उपायुक्त ने कहा कि किन्हीं कारणों से नशे के जाल में फंस चुके युवाओं को इससे बाहर निकालने के लिए नशा मुक्ति केंद्रों को मजबूत करने की आवश्यकता है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को इन केंद्रों का नियमित रूप से निरीक्षण करने तथा इनमें सभी नियमों की अक्षरशः अनुपालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने शिक्षा विभाग और विभिन्न उच्च शिक्षण संस्थानों के अधिकारियों से कहा कि वे सभी संस्थानों में व्यापक जागरुकता गतिविधियां आयोजित करें।
बैठक में नशा निवारण से संबंधित अन्य मुद्दों पर भी व्यापक चर्चा की गई।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।