डीसी ऑफिस में आगंतुकों को होगी सुखद अनुभूति

हमीरपुर ।

प्रतिदिन अपने जरूरी कार्यों के सिलसिले में उपायुक्त कार्यालय हमीरपुर में आने वाले आम लोगों को इस परिसर में प्रवेश करते ही एक अलग एवं सुखद अनुभूति होगी।
हर समय आम जनता के लिए उपलब्ध रहने वाले उपायुक्त अमरजीत सिंह ने पूरे मिनी सचिवालय के परिसर की कायाकल्प कर रहे हैं और इसमें आगंतुकों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। इसके लिए उन्होंने भवन के बाहर जहां ओपन एयर जिम, चिल्ड्रन पार्क और बैडमिंटन कोर्ट इत्यादि का प्रावधान किया है, वहीं भवन के अंदर भी आम लोगों के लिए वेटिंग हॉल में जलपान और एलईडी की व्यवस्था की जा रही है।

दीवारों को खूबसूरत पेंटिग्स और फर्श को सुंदर गमलों एवं पौधों से सजाया जा रहा है। इस हॉल में आम लोगों को एलईडी पर सरकार की विभिन्न योजनाओं से संबंधित जानकारी भी उपलब्ध करवाई जाएगी। जिले के विभिन्न क्षेत्रों से प्रतिनिधिमंडल भी इसी हॉल में उपायुक्त के समक्ष अपनी बात रख सकेंगे।
केंद्रीय विश्वविद्यालय धर्मशाला के फाइन आर्ट्स विभाग के विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई खूबसूरत पेंटिंग्स को इस हॉल की दीवारों पर लगा दिया गया है। ये पेंटिंग्स आगंतुकों को फाइन आर्ट्स विभाग के विद्यार्थियों के हुनर के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश की समृद्ध संस्कृति से भी परिचित करवा रही हैं। दो दिन पहले ही लगाई गईं ये पेंटिग्स सभी का ध्यान आकर्षित कर रही हैं।
-0-

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।