डाटा हस्तांतरण के कारण 4 सितंबर तक नहीं मिलेगा राशन

हमीरपुर ।

खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के जिला नियंत्रक अरविंद शर्मा ने बताया कि विभाग राशन कार्डधारकों के डाटा को सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के सर्वर से एनआईसी के सर्वर में हस्तांतरित कर रहा है। डाटा हस्तांतरण की यह प्रक्रिया 4 सितंबर तक पूरी कर ली जाएगी।
जिला नियंत्रक ने बताया कि डाटा हस्तांतरण प्रक्रिया के दौरान जिला हमीरपुर की सभी 315 उचित मूल्य की दुकानों में ई-पॉस मशीनें काम नहीं कर पाएंगी, जिसके परिणामस्वरूप इन दुकानों में 4 सितंबर तक राशन का वितरण नहीं हो पाएगा।
अरविंद शर्मा ने जिला के सभी राशन कार्डधारकों से आग्रह किया है कि वे 4 सितंबर तक उचित मूल्य की दुकानों में राशन लेने न जाएं। उन्होंने बताया कि राशन कार्डधारकों का डाटा एनआईसी के सर्वर पर हस्तांतरित होते ही 5 सितंबर से राशन का वितरण दोबारा शुरू हो जाएगा। जिला नियंत्रक ने सभी राशन कार्डधारकों से सहयोग की अपील भी की।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।