टैक्सी और बस चालकों को दी स्वच्छता सर्वेक्षण की जानकारी,हमीरपुर शहर को साफ-सुथरा बनाने के लिए सभी नागरिकों से मांगा सहयोग

हमीरपुर,

नगर निगम हमीरपुर के आयुक्त राकेश शर्मा के निर्देशानुसार शहर के हर वार्ड में लोगों को स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 के बारे में जागरुक किया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को स्थानीय टैक्सी यूनियन के कार्यालय में भी एक जागरुकता बैठक आयोजित की गई।
इस बैठक में नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त राम प्रसाद ने टैक्सी यूनियन के सभी चालकों को स्वच्छता सर्वेक्षण के बारे में बताया तथा इस अभियान में अपना योगदान देने की अपील की। अतिरिक्त आयुक्त ने कहा कि कचरे का सही निष्पादन सुनिश्चित करने के लिए सभी लोगों को घर में ही कचरे की छंटनी करनी चाहिए तथा निगम की गाड़ियों को गीला कचरा और सूखा कचरा अलग-अलग देना चाहिए।
उन्होंने बताया कि शहर और इसके आस-पास के क्षेत्रों में कचरे को जहां-तहां फेंकने वालों पर कड़ी नजर रखी जाएगी और स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 को सफल बनाने के लिए ‘टोको और रोको’ की रणनीति अपनाई जाएगी। राम प्रसाद ने कहा कि निगम के क्षेत्र को स्वच्छ और साफ-सुथरा बनाए रखना सबका दायित्व है। यदि कोई जहां-तहां गंदगी फैलाते हुए पकड़ा जाता है या गीला एवं सूखा कचरा अलग-अलग नहीं दे रहा है तो यह हर नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह ऐसे लोगों को ‘टोके और रोके’, ताकि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सके।
अतिरिक्त आयुक्त ने बताया कि अगले सप्ताह से कूड़ेदान निरीक्षण अभियान शुरू किया जाएगा, जिसमें बाज़ार की सभी दुकानों के कूड़ेदानों का निरीक्षण किया जाएगा। ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2016 के अंतर्गत हर दुकान और टैक्सी एवं गाड़ी में कूड़ेदान रखना अनिवार्य है। इस नियम की अनुपालना सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम अगले सप्ताह से अभियान शुरू करेगा।
इस जागरुकता बैठक में टैक्सी, एचआरटीसी और निजी बसों के लगभग 70 वाहन चालकों ने भाग लिया।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।