टीबी चैंपियन बुजुर्ग महिला ने डीसी की उपस्थिति में किया विशेष अभियान का शुभारंभ

हमीरपुर ,

जिला हमीरपुर को टीबी मुक्त बनाने के लिए शनिवार से 100 दिवसीय अभियान आरंभ हो गया। उपायुक्त अमरजीत सिंह ने इस अभियान का शुभारंभ टीबी की बीमारी से पूरी तरह ठीक होने वाली ‘टीबी चैंपियन’ बुजुर्ग महिला कमला देवी के हाथों टीबी मुक्त अभियान के प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर करवाया।
उपायुक्त ने बताया कि 17 मार्च तक ‘जनभागीदारी’ के नाम से चलने वाले इस विशेष अभियान में स्वास्थ्य विभाग के अलावा आयुष विभाग, महिला एवं बाल विकास, ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज, उद्योग, श्रम, शिक्षा, युवा सेवाएं एवं खेल विभाग, अन्य विभागों तथा पंचायत जनप्रतिनिधियों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी।
इस अभियान के दौरान टीबी की आशंका वाले लोगों एवं समूहों पर विशेष रूप से फोकस किया जाएगा। उपायुक्त ने कहा कि टीबी का पूरी तरह इलाज संभव है। इसलिए, अगर किसी व्यक्ति में टीबी जैसे लक्षण नजर आते हैं तो उसे तुरंत अपना टैस्ट करवाना चाहिए, ताकि उसका तुरंत इलाज आरंभ हो सके।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रवीण चौधरी और जिला क्षय रोग उन्मूलन अधिकारी डॉ. सुनील वर्मा ने अभियान की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान टीबी के संभावित मरीजों की टैस्टिंग पर जोर दिया जाएगा। जिला के दूरदराज के क्षेत्रों में मोबाइल एक्सरे मशीन के माध्यम से एक्सरे किए जाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान टीबी चैंपियन बुजुर्ग महिला कमला देवी ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि टीबी के उपचार के बाद वह अब पूरी तरह स्वस्थ हैं। उन्होंने कहा कि इस बीमारी को छिपाने के बजाय तुरंत अपना टैस्ट करवाना चाहिए तथा डॉक्टरों की सलाह के अनुसार नियमित रूप से दवाई खानी चाहिए।
अभियान के शुभारंभ अवसर पर एएसपी राजेश कुमार, एसडीएम संजीत सिंह और अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।