ज्ञान को रचनात्मकता का रूप देते विद्यार्थियों ने रचा यादगार मेमोरी फ्रेम

hamirpur,

हिम अकादमी पब्लिक स्कूल, विकास नगर में 9 सितंबर को इंटरहाउस मेमोरी फ्रेम
प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कक्षा 11वीं एवं 12वीं के 35
विद्यार्थियों ने उत्साह और उमंग के साथ भाग लेते हुए अपनी रचनात्मक प्रतिभा एवं
विषयगत ज्ञान का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को
रोचक एवं प्रभावी अध्ययन तकनीकों से परिचित कराना तथा शैक्षणिक अवधारणाओं को
रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत करने के लिए प्रेरित करना था। विद्यार्थियों ने अपनी रुचि के
अनुसार भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान और गणित जैसे विषयों का चयन कर
आकर्षक मेमोरी फ्रेम तैयार किए। विद्यार्थियों ने जटिल विषय-वस्तु को सरल, व्यवस्थित
और आसानी से याद रखे जाने योग्य रूप में प्रस्तुत कर अपनी वैचारिक समझ,
कल्पनाशीलता, नवाचार एवं समस्या-समाधान क्षमता का परिचय दिया। प्रत्येक प्रस्तुति का
मूल्यांकन विषय-वस्तु की सटीकता, स्पष्टता, सुव्यवस्था, विषयों के बीच संबंध, जानकारी की
पुनःप्राप्ति की सरलता, अनुप्रयोग एवं समस्या-समाधान कौशल तथा समग्र रचनात्मकता के
आधार पर किया गया। इस प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों को ‘सीखने के साथ सृजन’ का अनूठा
अवसर प्रदान किया। मेमोरी फ्रेम के माध्यम से विद्यार्थियों ने यह प्रदर्शित किया कि
रचनात्मक सोच और वैज्ञानिक ज्ञान का समन्वय सीखने की प्रक्रिया को न केवल सरल,
बल्कि अधिक प्रभावी और आनंददायक भी बना सकता है। प्रतियोगिता के परिणामों का
संकलन किया जा रहा है तथा शीर्ष तीन विजेताओं की घोषणा शीघ्र की जाएगी। आयोजन ने
विद्यार्थियों में नवाचारपूर्ण सोच, आत्मविश्वास और विषय की गहरी समझ विकसित करने
में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।