जेपी नड्डा के अभिनंदन समारोह में शामिल होंगे 10 हजार कार्यकर्ता

बिलासपुर।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा का पहली बार बिलासपुर पहुंचने पर भव्य अभिनंदन समारोह आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में लगभग 10 हजार कार्यकर्ता शामिल होने जा रहे  है। नड्डा अपने गृह जिले में आने के दौरान कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में भाग लेंगे। यह बात नैना देवी विधानसभा क्षेत्र के विधायक रणधीर शर्मा ने बिलासपुर के परिधि गृह में आयोजित बैठक के दौरान कही। उन्होंने कहा कि नैना देवी विधानसभा क्षेत्र से 2 हजार कार्यकर्ताओं के इस कार्यक्रम में भाग लेने की तैयारी की जा रही है। यह आयोजन 4 अक्टूबर को सुबह 10 बजे भाषा विभाग के ऑडिटोरियम में शुरू होगा, जहां नड्डा एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद वह एम्स के कार्यक्रम में शिरकत करेंगे और शाम को दुर्गा पूजा में भाग लेंगे। इस अवसर पर नड्डा का स्वागत करने के लिए कई स्वयंसेवी संस्थाएँ भी उपस्थित होंगी।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।