जिले भर में अधिकारियों-कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने ली नशे के विरोध की शपथ

हमीरपुर,
नशा मुक्त भारत अभियान के तहत बुधवार को सुबह लगभग 11 बजे जिला हमीरपुर में भी सभी कार्यालयों और संस्थानों में नशा विरोधी शपथ ली गई।
उपायुक्त कार्यालय परिसर हमीरपुर में आयोजित कार्यक्रम में एडीसी अभिषेक गर्ग ने अधिकारियों और कर्मचारियों को नशे के विरुद्ध एकजुट होकर कार्य करने तथा अपने परिवार, मित्रों, समुदाय, जिले, राज्य और राष्ट्र को नशा मुक्त बनाने के लिए अपना सक्रिय योगदान देने की शपथ दिलाई। एडीसी ने बताया कि जिला में नशा मुक्त भारत अभियान के तहत आयोजित की जा रही विभिन्न गतिविधियों की रिपोर्ट जिला कल्याण अधिकारी कार्यालय के माध्यम से वेब पोर्टल पर अपलोड की जा रही है। उन्होंने सभी जिलावासियों से अपील की है कि वे जिला को नशे से मुक्त बनाने के लिए अपना सक्रिय योगदान दें।
इस अवसर पर सहायक आयुक्त राजीव ठाकुर, एसडीएम संजीत सिंह, अन्य वरिष्ठ अधिकारी और मिनी सचिवालय के कर्मचारी भी उपस्थित थे।
जिला मुख्यालय के अन्य सभी कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों, जिला के पांचों उपमंडलों के कार्यालयों एवं संस्थानों में भी नशा विरोधी शपथ ली गई।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।