जिला हमीरपुर में शुरू हुई लक्ष्मी अन्नपूर्णा सेवा मरीजों को मिला पोषण व स्नेह

हमीरपुर,

जिला हमीरपुर में समाजसेवा की एक अनुकरणीय मिसाल पेश करते हुए नितिन वर्मा ने अपने पूज्य पिता लक्ष्मी चंद वर्मा (लक्ष्मी ज्वेलर्स, राजकीय कन्या आदर्श माध्यमिक विद्यालय हमीरपुर के समीप) के नाम पर लक्ष्मी अन्नपूर्णा सेवा की शुरुआत की है। इस सेवा का आरंभ नितिन वर्मा ने 11 जुलाई 2025 को अपने जन्मदिवस के पावन अवसर पर किया।
इस पहल के अंतर्गत डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कॉलेज हमीरपुर और जिला आयुर्वेदिक अस्पताल हमीरपुर में भर्ती सभी मरीजों को सुबह का नाश्ता, दोपहर का भोजन और रात का खाना प्रेम पूर्वक परोसा गया। इस सेवा का उद्देश्य मरीजों को इलाज के साथ-साथ संपूर्ण पोषण उपलब्ध करवाना है, ताकि वे शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रह सकें।

नितिन वर्मा ने बताया कि यह सेवा उनके माता-पिता के आशीर्वाद, परिवार के संस्कारों और समाज के प्रति संवेदनशीलता से प्रेरित होकर शुरू की गई है। यह सिर्फ भोजन प्रदान करने की योजना नहीं, बल्कि एक भावनात्मक और सामाजिक सरोकार है, जिसमें सेवा, श्रद्धा और संस्कृति का समावेश है।
लक्ष्मी अन्नपूर्णा सेवा के तहत अब प्रत्येक माह की 11 तारीख को इन दोनों अस्पतालों में भोजन सेवा का आयोजन नियमित रूप से किया जाएगा। इस पहल को स्थानीय लोगों और अस्पताल प्रशासन ने भी सराहा और इसे समाज में सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने वाला कदम बताया।
नितिन वर्मा ने कहा, भोजन सेवा सबसे बड़ी सेवा है और जब मां बाप का आशीर्वाद साथ हो, तो हर कार्य सफल होता है वहीं नितिन के माता-पिता ने भी नितिन के इस कार्य की सहाना की है

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।