जिला हमीरपुर के कलाकारों की ग्रेडिंग 28 और 29 को

हमीरपुर ।
भाषा, कला एवं संस्कृति विभाग जिला हमीरपुर में भी लोक कलाकारों की ग्रेडिंग करने जा रहा है।
जिला भाषा अधिकारी संतोष कुमार पटियाल ने बताया कि ग्रेडिंग की प्रक्रिया 28 और 29 मार्च को सलासी स्थित जिला भाषा अधिकारी कार्यालय एवं संस्कृति सदन में पूर्ण की जाएगी। इसमें गायन, वादन और नृत्य आदि कलाओं में पारंगत लोक कलाकारों को श्रेणीबद्ध किया जाएगा। इस चयन प्रक्रिया और श्रेणीकरण का मुख्य उद्देश्य कलाकारों को उचित मंच प्रदान करना है तथा ग्रेडिंग के माध्यम से पारदर्शिता लाना है।
संतोष कुमार पटियाल ने बताया कि राज्यस्तरीय मेलों में प्राइम टाइम में सात बार, राष्ट्रीय स्तर पर पांच बार और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर तीन बार प्रस्तुति देने वाले और प्रमुख टीवी चैनलों के लाइव शो जैसे इंडियन आइडियल और सारेगामा इत्यादि के विजेता या उपविजेता को उच्च श्रेणी ए-प्लस में शामिल किया जाएगा। हिमाचल यूथ फेस्टिवल के विजेता या उपविजेता और राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय कार्यक्रमों में तीन बार भाग लेने वालों लोक कलाकारों को ए-श्रेणी में रखा जाएगा।
इसके अतिरिक्त जिन कलाकारों को किसी भी सरकारी संस्था या विभाग जैसे आकाशवाणी, लोक संपर्क विभाग द्वारा उन्हें चयन प्रक्रिया में श्रेणी बद्ध किया गया है, उन्हें इस चयन प्रक्रिया में भाग लेने की आवश्यकता नहीं है परन्तु उन्हें मेला समिति से सहभागिता प्रमाण पत्र या श्रेणी प्रमाण पत्र की छायाप्रति जिला भाषा अधिकारी कार्यालय में जमा करवानी होगी।
इसके अतिरिक्त प्रशासन द्वारा आयोजित राज्य, राष्ट्र स्तरीय अथवा अंतराष्ट्रीय मेलों में प्रस्तुतियां दे चुके लोक कलाकार इन प्रस्तुतियों के प्रमाण पत्र संबंधित मेला अधिकारी से लेकर विभाग में जमा करवा सकते हैं। जिला भाषा अधिकारी ने बताया कि जिला के जिन कलाकारों ने विभाग में पंजीकरण करवा लिया है, उनकी ग्रेडिंग 28 मार्च को होगी तथा जिन्होंने पंजीकरण नहीं करवाया है, उनकी ग्रेडिंग 29 मार्च को होगी।
पंजीकरण करवाने के लिए आवेदक को दो पासपोर्ट साइज फोटो तथा आधार कार्ड की कॉपी साथ लानी होगी। ग्रेडिंग प्रक्रिया में भाग लेने वाले लोक कलाकारों को किसी भी प्रकार का यात्रा भत्ता नहीं दिया जाएगा। अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 82196-24178 पर संपर्क किया जा सकता है।
-0-

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।