जय राम ठाकुर के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने प्रदेश को कंगाली के कगार पर पहुंचाया : प्रेम कौशल

हमीरपुर ,
नेता प्रतिपक्ष द्वारा विधानसभा चुनाव करवाने के ब्यान पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रदेश कांग्रेस पूर्व मुख्य प्रवक्ता प्रेम कौशल ने कहा कि जय राम इस प्रकार के वक्तव्य दे कर हास्य के पात्र बन रहे हैं क्योंकि उनकी तथा भाजपा की लोकप्रियता और कांग्रेस सरकार की कार्यप्रणाली पर हाल ही में भाजपाइयों के षड्यंत्रों के परिणामस्वरूप हुए 9 विधानसभा उपचुनावों में जनता अपना मत व्यक्त कर चुकी है। कौशल ने कहा कि जय राम ठाकुर के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने प्रदेश को कंगाली के कगार पर पहुंचा दिया और अब जब मुख्यमंत्री प्रदेश के आर्थिक हालात सुधारने के मद्देनजर जनता का सहयोग लेने का प्रयास कर रहे हैं तो जय राम राजनीति कर जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं क्योंकि उन्हें प्रदेश हित से ज्यादा कुर्सी की लालसा है।कौशल ने कहा कि भाजपा दो मुंह वाला सांप है क्योंकि जय राम यह भूल गए कि 2015 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के संपन्न लोगों से गैस सब्सिडी छोड़ने का आह्वान किया था तथा पूरे देश में हज़ारों करोड़ रुपए खर्च कर नरेंद्र मोदी की फोटो वाले होर्डिंग्स लगा कर इसकी पब्लिसिटी की गई थी जबकि भाजपा गैस की कीमतें कम करने का वादा कर चुनाब लड़ी थी।उन्होंने जय राम ठाकुर को चुनौती दी कि यदि उन्हें अपनी और भाजपा की लोकप्रियता पर इतना ही अहंकार है तो अपने विधायकों से त्यागपत्र दे कर दुबारा चुनाब लड़ने को कहें उनकी सारी गलतफहमियां दूर हो जाएंगी।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।