जन संकल्प सम्मेलन के लिए जाने वाले वाहनों की सूचना दें अधिकारी

हमीरपुर ।

उपायुक्त अमरजीत सिंह ने वीरवार को यहां हमीर भवन में आयोजित एक बैठक के दौरान प्रदेश सरकार के तीन वर्ष के कार्यकाल के पूर्ण होने पर 11 दिसंबर को मंडी में आयोजित होने वाले जन संकल्प सम्मेलन के लिए जिला हमीरपुर से जाने वाले वाहनों के बारे में भी सभी एसडीएम और विभागीय अधिकारियों के साथ चर्चा की।
उन्होंने बताया कि इस सम्मेलन के लिए जिले के सभी उपमंडलों से बड़ी संख्या में लोग छोटे और बड़े वाहनों से रवाना होंगे। इनमें विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थी भी शामिल होंगे। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों से कहा कि वे सभी छोटे-बड़े वाहनों की संभावित संख्या और उनके रूट की जानकारी मंडी जिला प्रशासन के साथ साझा करें, ताकि मंडी में इन वाहनों की पार्किंग एवं अन्य व्यवस्थाओं के लिए आवश्यक प्रबंध किए जा सकें।
बैठक में उच्चतम न्यायालय द्वारा आवारा कुत्तों की समस्या के संबंध में हाल ही में जारी किए गए आदेशों के बारे में भी चर्चा की गई। उपायुक्त ने कहा कि उच्चतम न्यायालय के आदेशों एवं दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी सभी उपमंडल अधिकारियों और संबंधित विभागों को प्रेषित कर दी गई है। इन आदेशों की अक्षरशः अनुपालना के लिए सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों मंे त्वरित कदम उठाएं।
बैठक में एसपी बलवीर सिंह, एडीसी अभिषेक गर्ग, विभिन्न उपमंडलों के एसडीएम और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।