चकमोह स्कूल में विद्यार्थियों को समझाई मतदान प्रक्रिया

बड़सर ।

राजकीय उच्च विद्यालय चकमोह में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ईएलसी) के तहत जागरूकता गतिविधि का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यालय के ईएलसी नोडल अधिकारी राकेश कुमार ने विद्यार्थियों को मतदान प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को बताया कि चुनाव के दौरान मतदाता मतदान केंद्र पर पहुंचकर किस प्रकार अपने मताधिकार का प्रयोग करता है।
राकेश कुमार ने विद्यार्थियों को समझाया कि मतदान लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है। मतदान के लिए मतदाता का नाम मतदाता सूची में होना जरूरी है। मतदान केंद्र पर पहुंचने के बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत मतदाता की पहचान की जांच की जाती है और इसके बाद उसे मतदान करने का अवसर मिलता है। उन्होंने विद्यार्थियों को ईवीएम के माध्यम से वोट डालने की प्रक्रिया के बारे में भी सरल तरीके से जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक मत का महत्व होता है और मतदाताओं को बिना किसी दबाव या प्रलोभन के अपने विवेक के आधार पर मतदान करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे अपने घर-परिवार और आसपास के लोगों को भी मतदान के महत्व के बारे में जागरुक करें।
इस गतिविधि का उद्देश्य विद्यार्थियों में चुनावी प्रक्रिया, मताधिकार और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरुकता पैदा करना रहा। विद्यार्थियों ने भी मतदान से संबंधित विभिन्न सवाल पूछे, जिनका नोडल अधिकारी राकेश कुमार ने विस्तार से जवाब दिया। स्कूल की इस गतिविधि के माध्यम से विद्यार्थियों को भविष्य में जिम्मेदार और जागरुक मतदाता बनने के लिए प्रेरित किया गया।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।