गौतम ग्रुप ऑफ कॉलेजेज, हमीरपुर में एच.पी.टी.यू. स्पोर्ट्स मीट का भव्य शुभारंभ

हमीरपुर,
गौतम ग्रुप ऑफ कॉलेजेज, हमीरपुर (हि.प्र.) में बुधवार को एच.पी.टी.यू. स्पोर्ट्स मीट का भव्य शुभारंभ किया गया। परिसर में आयोजित उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि श्री कमल देव सिंह कंवर, रजिस्ट्रार, हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय (एच.पी.टी.यू.), हमीरपुर रहे। इस अवसर
पर डॉ. राजेश कुमार, डीन एकेडमिक्स, एच.पी.टी.यू. विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। स्वागत संबोधन गौतम ग्रुप ऑफ कॉलेजेज के सचिव डॉ. रजनीश गौतम ने प्रस्तुत किया। समूह के प्रबंध निदेशक श्री जगदीश गौतम ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्हें खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया तथा स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। उद्घाटन समारोह में विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँदी गईं, जिनसे पूरा परिसर उत्साह और जोश से भर उठा। मुख्य अतिथि श्री कमल देव सिंह कंवर ने अपने संबोधन में कहा कि खेल न केवल शारीरिक फिटनेस का माध्यम हैं, बल्कि यह अनुशासन, टीमवर्क और खेल
भावना जैसे जीवन मूल्यों को भी सिखाते हैं। उन्होंने छात्रों से इन गुणों को अपने जीवन में अपनाने का संदेश दिया। तीन दिवसीय इस स्पोर्ट्स मीट में प्रदेश के 25 कॉलेजों की लगभग 700 छात्र-छात्राएँ भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिताओं में वॉलीबॉल, कबड्डी, टेबल टेनिस, कैरम बोर्ड, जूडो, शतरंज, पिकलबॉल आदि खेल शामिल हैं। उद्घाटन मैच कबड्डी प्रतियोगिता से आरंभ हुआ, जिसमें खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।
समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह 31 अक्तूबर को आयोजित किया जाएगा।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।