गैस सिलेंडर वाहनों में हो भारतोलक मशीन और लाउड स्पीकर

एडीएम राहुल चौहान ने जिला की सभी 10 गैस एजेंसियों को दिए निर्देश

हमीरपुर ।

एडीएम राहुल चौहान ने जिला हमीरपुर की सभी दस गैस एजेंसियों को उपभोक्ताओं की सुविधा और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि गैस सिलेंडरों की सप्लाई करने वाले हर वाहन में भारतोलक मशीन और लाउडस्पीकर होने चाहिए।
राहुल चौहान ने कहा कि गैस सिलेंडर का वजन करें तथा उपभोक्ता की संतुष्टि के बाद ही इसे वितरित करें। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश जमाखोरी और मुनाफाखोरी रोकथाम आदेश-1977 के तहत 7 सितंबर 2022 को जारी अधिसूचना के प्रावधानों के अनुसार घरेलू गैस वाहनों में भारतोलक मशीन अनिवार्य की गई है। हिमाचल प्रदेश विधानसभा की विभिन्न समितियों ने भी प्रत्येक घरेलू गैस वाहन में इसकी उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। एडीएम ने बताया कि घरेलू गैस सिलेंडर में एलपीजी का वजन 14.2 किलोग्राम होता है तथा खाली सिलेंडर का वजन भी सिलेंडर पर अंकित होता है।
उन्होंने कहा कि सभी गैस सिलंेडर वाहनों में लाउड स्पीकर अवश्य होने चाहिए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर सप्लाई वाहन की जानकारी मिल सके। गैस सप्लाई वाहन में लाउड स्पीकर न होने पर कई बार ग्रामीण क्षेत्रों के उपभोक्ता सिलंेडर से वंचित रह जाते हैं।
एडीएम ने सभी एलपीजी विक्रेताओं को कैश मैमो में सिलेंडर रिफिल का मूल्य, भाड़ा और डोर डिलीवरी की दरें अलग-अलग दर्शाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग और माप-तोल विभाग के अधिकारियों को गैस सप्लाई के वाहनों का नियमित रूप से निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।