हमीरपुर ।
आम लोगों को बैंकिंग योजनाओं एवं प्रक्रियाओं, स्वरोजगार योजनाओं, डिजिटल बैंकिंग, डिजिटल ठगी से बचाव और बैंक उपभोक्ताओं के अधिकारों के प्रति जागरुक करने के लिए भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने वीरवार को नादौन उपमंडल के गांव गाहली और हमीरपुर के निकटवर्ती गांव समराला में वित्तीय साक्षरता शिविर आयोजित किए।
इन शिविरों के दौरान आरबीआई के शिमला कार्यालय के एलडीओ आशीष शर्मा, पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) हमीरपुर के निदेशक अजय कुमार कतना, एलडीएमओ निखिल शर्मा, वित्तीय साक्षरता सलाहकार जीसी भट्टी और अन्य अधिकारियों ने लोगों को कई महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं।
इस अवसर पर आरबीआई के शिमला कार्यालय के एलडीओ आशीष शर्मा ने कहा कि विभिन्न बैंकों के माध्यम से कई ऋण योजनाएं, स्वरोजगार योजनाएं और सामाजिक सुरक्षा से संबंधित योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि उद्यमियों, कारोबारियों, किसानों, बागवानों, पशुपालकों, मत्स्य पालकों, कारीगरों एवं श्रमिकों, विद्यार्थियों, बेरोजगार युवाओं और स्वयं सहायता समूहों सहित सभी वर्गों के लिए विभिन्न योजनाओं के तहत ऋण एवं सब्सिडी का प्रावधान किया गया है। इनके लिए किसान क्रेडिट कार्ड, मुद्रा योजना, पीएम विश्वकर्मा योजना और पीएमईजीपी जैसी योजनाएं काफी मददगार साबित हो सकती हैं। आशीष शर्मा ने कहा कि आम लोगों को इनका भरपूर लाभ उठाना चाहिए।
दोनों शिविरों में लोगों को डिजिटल बैंकिंग की प्रक्रियाओं से अवगत करवाया गया तथा उन्हें डिजिटल ठगी से बचाव के उपायों की जानकारी भी दी गई। गाहली में आयोजित शिविर में स्थानीय पंचायत प्रधान रविंद्र कुमार, पंचायत सदस्य सुनील सोनी, सीएफएल सेंटर की संचालक रेखा गौतम और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे। उधर, समराला में भी स्थानीय पंचायत प्रतिनिधि और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
-0-
Author: Himachal Samvaad












