गर्ल्स स्कूल में शगुन बनीं मिस फेयरवैल

हमीरपुर ।

कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हमीरपुर में शनिवार को बारहवीं कक्षा की छात्राओं के लिए विदाई समारोह आयोजित किया गया। इसमें विज्ञान संकाय की छात्रा शगुन को मिस फेयरवैल चुना गया। कला संकाय की अप्शिता को मिस इंटैलिजेंट, कॉमर्स संकाय की प्रियंका को मिस वैल ड्रैस्ड, कला संकाय की दिव्या नेगी को मिस पर्सनैलिटी और विज्ञान संकाय की मन्नत को मिस ब्यूटीफुल चुना गया।
इस अवसर पर सभी छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए प्रधानाचार्य पूनम चौहान ने कहा कि वे अपने-अपने जीवन के सबसे महत्वपूर्ण दौर में प्रवेश कर रही हैं और यहीं से उनके जीवन की दिशा तय होगी। इसलिए, सभी छात्राएं मेहनत और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ते हुए अपने लिए सुनहरा भविष्य सुनिश्चित करें। इस दौरान अगर उन्हें किसी भी प्रकार के मार्गदर्शन या मदद की जरुरत महसूस हो तो बेझिझक अपने स्कूल के शिक्षकों से संपर्क करें। विदाई समारोह में स्कूल के अन्य शिक्षकों और शिक्षिकाओं ने भी छात्राओं को शुभकामनाएं दीं।
समारोह के दौरान ग्यारहवीं और बारहवीं कक्षा की छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए तथा अपने कई अनुभव भी साझा किए।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।