खेलों को बड़े पैमाने पर किया जा रहा है प्रोत्साहित : कैप्टन रणजीत सिंह

हमीरपुर ।

स्कूली छात्र-छात्राओं की राज्य स्तरीय अंडर-19 एथलेटिक्स प्रतियोगिता वीरवार को यहां अणु के सिंथेटिक ट्रैक ग्राउंड में आरंभ हो गई। इसमें 12 जिलों और 2 खेल छात्रावासों के कुल 417 एथलीट भाग ले रहे हैं। सुजानपुर के विधायक कैप्टन रणजीत सिंह ने ध्वजारोहण एवं दीप प्रज्जवलन के साथ इस प्रतियोगिता का शुभारंभ किया तथा एथलीटों के मार्चपास्ट की सलामी ली।

इस अवसर पर आयोजन समिति और सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कैप्टन रणजीत सिंह ने कहा कि विद्यार्थी जीवन में खेलों का बहुत ही ज्यादा महत्व है। खेलों को अपनाने वाला बच्चा जीवन के हर क्षेत्र में कामयाबी हासिल करता है तथा नशे एवं अन्य बुराइयों से दूर रहता है। उन्होंने कहा कि खेल प्रतियोगिताओं का मकसद केवल जीत या हार ही नहीं होता है, बल्कि इनके माध्यम से बच्चों एवं युवाओं में कई ऐसे गुण विकसित होते हैं जो उन्हें जीवन में आगे बढ़ने में मदद करते हैं।

कैप्टन रणजीत सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए कई सराहनीय निर्णय लिए हैं। खिलाड़ियों के डाइट भत्ते और पुरस्कार राशि में भारी वृद्धि की गई है। प्रदेश भर में स्टेडियमों और खेल मैदानों का निर्माण किया जा रहा है। नादौन में भी करोड़ों रुपये की लागत से इंडोर स्टेडियम का कार्य आरंभ किया गया है।
इससे पहले, उच्चतर शिक्षा उपनिदेशक अनिल कौशल और एचएसएसए के सचिव संतोष चौहान ने मुख्य अतिथि, अन्य अतिथियों तथा सभी प्रतिभागियों का स्वागत किया और प्रतियोगिता के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। स्थानीय स्कूलों के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। डीएवी स्कूल के बैंड दस्ते ने भी शानदार प्रस्तुति दी।
उदघाटन समारोह में ब्लॉक कांग्रेस सुजानपुर के अध्यक्ष राजेंद्र वर्मा, कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी, आयोजन समिति के प्रबंध सचिव एवं ब्वायज स्कूल के प्रधानाचार्य मुश्ताक मोहम्मद, गर्ल्स स्कूल की प्रधानाचार्य पूनम चौहान, एडीपीईओ तिलकराज और राकेश शर्मा, विभिन्न जिलों के टीम प्रभारी, खेल संघों के पदाधिकारी और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।
—-
1500 मीटर दौड़ में इशांत और सविता ने जीते स्वर्ण पदक

प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर करवाई गई 1500 मीटर दौड़ मेें हमीरपुर के इशांत और आर्यन ने क्रमशः स्वर्ण तथा रजत पदक जीता। जबकि, मंडी के बख्शीश ने कांस्य पदक जीता। लड़कियों में बिलासपुर की सविता ने स्वर्ण, हमीरपुर की शाइन ने रजत और शिमला की अनामिका ने कांस्य पदक हासिल किया।

Loading Viewer...

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।