केंद्रीय विद्यालय में प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीकरण 15 तक

हमीरपुर ।

केंद्रीय विद्यालय हमीरपुर में शैक्षणिक सत्र 2024-25 में पहली कक्षा में प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीकरण 15 अप्रैल सायं 5 बजे तक किया जा सकता है। विद्यालय के प्रधानाचार्य सुनील चौहान ने बताया कि प्रवेश संबंधित विवरण वेबसाइट ऑनलाइनएडमिशन.केवीएस.जीओवी.इन onlineadmission.kvs.gov.in पर उपलब्ध है।
प्रधानाचार्य ने बताया कि दूसरी कक्षा और इससे ऊपर की कक्षाओं में खाली सीटों के लिए ऑफलाइन माध्यम से पंजीकरण करवाया जा सकता है। इसकी अंतिम तिथि 10 अप्रैल सायं 4 बजे तक निर्धारित की गई है।
उन्होंने बताया कि 11वीं कक्षा में प्रवेश के लिए आवेदन प्रपत्र विद्यालय की अपनी वेबसाइट पर और केंद्रीय विद्यालय संगठन की वेबसाइट केवीसंगठन.एनआईसी.इन kvsangathan.nic.in से डाउनलोड किया जा सकता है।
प्रधानाचार्य ने बताया कि सभी कक्षाओं के लिए आयु की गणना 31 मार्च 2024 होगी।
उन्होंने बताया कि बाल वाटिका-3 में प्रवेश के लिए ऑफलाइन पंजीकरण 15 अप्रैल तक करवाया जा सकता है। आवेदन फॉर्म केंद्रीय विद्यालय हमीरपुर की वेबसाइट से डाउनलोड किए जा सकते हैं या कार्यालय से प्राप्त किए जा सकते हैं।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।