कुलदीप सिंह पठानिया ने गुरुकुल स्कूल बड़ू के मेधावी विद्यार्थियों को बांटे पुरस्कार

हमीरपुर।

गुरुकुल सीनियर सेकेंडरी स्कूल बडू का वार्षिक उत्सव शुक्रवार को मनाया गया, जिसमें कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया और मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कार वितरित किए। इस समारोह में नर्सरी से पांचवीं कक्षा तक के नन्हें-मुन्ने बच्चों ने शानदार प्रस्तुतियों से सबका मन मोह लिया।
इस अवसर पर स्कूल प्रबंधन, सभी विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को बधाई देते हुए कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि यह संस्थान ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को बेहतरीन शिक्षण सुविधाएं उपलब्ध करवा रहा है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक सुधार कर रही है तथा विद्यार्थियों के हित में कड़े फैसले ले रही है। इससे प्रदेश में शिक्षा की गुणवत्ता में बहुत बड़ा सुधार देखने को मिलेगा तथा सरकारी संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित होगा।
समारोह के दौरान बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से बच्चों को अपनी प्रतिभा के प्रदर्शन के लिए अच्छा अवसर मिलता है।
इससे पहले, उपप्रधानाचार्य निर्मला वर्मा ने स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। जबकि, प्रधानाचार्य हाकम सिंह वर्मा ने भी अपने संबोधन में बच्चों को प्रोत्साहित किया तथा मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों का धन्यवाद किया।
नन्हें-मुन्ने बच्चों ने ‘बम्म-बम्म भोले’ गीत, सोशल मीडिया के दुष्प्रभावों पर एक लघु नाटक और कई अन्य शानदार प्रस्तुतियों से खूब वाह-वाही लूटी।
-0-

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।