किसी भी मृतक को नहीं दी सामाजिक सुरक्षा पेंशन : डीडब्ल्यूओ

हमीरपुर ।

जिला कल्याण अधिकारी चमन लाल शर्मा ने स्पष्ट किया है कि जिला हमीरपुर में किसी भी मृतक व्यक्ति को सामाजिक सुरक्षा पेंशन जारी नहीं की गई है। इस संबंध में एक प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए जिला कल्याण अधिकारी ने कहा कि विभागीय नियमों तथा राज्य सरकार द्वारा निर्धारित मानकों के अनुसार सामाजिक सुरक्षा पेंशन लेने वाले व्यक्ति की मृत्यु या किसी व्यक्ति के अपात्र होने की सूचना प्राप्त होते ही तत्काल प्रभाव से पेंशन रोक दी जाती है।
जब किसी सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारक की मृत्यु हो जाती है और इस दौरान उसके खाते में अगर पेंशन की राशि जमा हो भी जाए तो उस राशि को तुरंत वापस ले लिया जाता है। मृतक के परिवारजन पेंशन की राशि को उसके बचत खाते से नहीं निकाल सकते हैं। इस संबंध में किसी भी तरह की भ्रामक सूचनाओं पर विश्वास न करने की अपील करते हुए जिला कल्याण अधिकारी ने कहा कि विभाग ने जिला हमीरपुर में किसी भी पेंशनधारक को किसी भी स्तर पर अवैध भुगतान नहीं किया है।
उन्होंने बताया कि मृत या अपात्र पेंशनधारकों का सत्यापन तहसील कल्याण अधिकारियों के माध्यम से निरंतर एवं नियमित रूप से किया जाता है। साथ ही, प्रत्येक तीन माह के उपरांत मृत या अपात्र पेंशनधारकों को सूची से हटाकर उनके स्थान पर प्रतीक्षा सूची में सम्मिलित पात्र आवेदकों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन ई-कल्याण सॉफ्टवेयर के माध्यम से स्वीकृति उपरांत, नियमानुसार पेंशन जारी करने का प्रावधान है।
उन्होंने बताया कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से ई-केवाईसी के दौरान जो लोग मृत या अपात्र पाए गए हैं, उनकी पेंशन अस्थायी तौर पर रोकी गई है। संबंधित तहसील कल्याण अधिकारी इनका सत्यापन एवं जांच कर रहे हैं। जांच में पात्र पाए जाने वाले लोगों को पेंशन जारी कर दी जाएगी और शेष मामलों को स्थायी रूप से बंद कर दिया जाएगा

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।