किशोरावस्था में सही मार्गदर्शन सबसे जरूरी’

नादौन,
बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय नादौन ने सोमवार को मदर्ज प्राइड पब्लिक स्कूल मलोटी में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत किशोरियों के लिए तनाव प्रबंधन विषय पर एक जागरुकता शिविर आयोजित किया।
शिविर की अध्यक्षता करते हुए बाल विकास परियोजना अधिकारी संजय कुमार ने उपस्थित किशोरियों को बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किसी भी व्यक्ति के जीवन में किशोरावस्था वह समय है, जब वह बहुत से शारीरिक, मानसिक व भावनात्मक परिवर्तनों से गुजरता है। इस दौरान सही समझ तथा उचित मार्गदर्शन से व्यक्ति अपने जीवन में सफलता की ऊंचाइयों को छू सकता है। इस अवसर पर मनोविज्ञानी शीतल वर्मा ने बच्चों के तनाव से निपटने के लिए उनके शारीरिक स्वास्थ्य के अतिरिक्त मानसिक व भावनात्मक रूप से स्वस्थ रहने पर बल दिया। उन्होंने बच्चों को अपने अंदर की सकारात्मक ऊर्जा का उपयोग करने तथा नकारात्मक सोच से दूर रहने का भी आहवान किया। इस अवसर पर स्कूल की प्रधानाचार्य प्रवीण कौशल, अन्य अध्यापक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।