कामगार बोर्ड की योजनाओं के दुरुपयोग पर करवाई जा रही है एफआईआर : नरदेव सिंह कंवर

हमीरपुर,
भवन निर्माण एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर ने कहा है कि वर्ष 2022 के दौरान मात्र कुछ महीनों में ही बोर्ड में बड़े पैमाने पर पंजीकृत किए गए श्रमिकों और कई अपात्र लोगों को दिए गए वित्तीय लाभ के आंकड़े आश्चर्यजनक हैं। इनकी जांच में कई धांधलियों का खुलासा हो रहा है। इनमें दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ बोर्ड एफआईआर दर्ज करवा रहा है।
सोमवार को यहां बोर्ड के मुख्यालय में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए नरदेव सिंह कंवर ने बताया कि वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले के कुछ महीनों के दौरान ही प्रदेश में लगभग 70 हजार श्रमिकों का पंजीकरण किया गया और अप्रैल 2021 से अक्तूबर 2022 तक लगभग 171.61 करोड़ रुपये के वित्तीय लाभ धड़ाधड़ बांटे गए, जिसमें जिला हमीरपुर के 52.42 करोड़ रुपये शामिल हैं। ये लाभ लेने वालों में कई साधन संपन्न लोग भी शामिल थे। इससे कई जरुरतमंद एवं पात्र श्रमिकों के हितों पर कुठाराघात हुआ है।
नरदेव सिंह कंवर ने कहा कि उन्होंने कार्यभार संभालते ही सभी श्रमिकों की हिम परिवार पोर्टल के माध्यम से ई-केवाईसी करने का निर्णय लिया और इसमें कई ऐसे अपात्र लोगों का पता चला है, जिन्होंने गलत हथकंडे अपनाकर लाखों रुपये की वित्तीय लाभ लिए हैं। बोर्ड ने जिला हमीरपुर में ऐसे 12 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई है। उन्होंने बताया कि गलत हथकंडे अपनाकर वित्तीय लाभ लेने वाले लोगों को दस साल तक की सजा हो सकती है। अब कई अपात्र लोग कार्रवाई के डर से बोर्ड को धनराशि लौटाने के लिए आगे आ रहे हैं। 2 लोगों ने लगभग 2 लाख रुपये की धनराशि वापस भी कर दी है।
नरदेव सिंह कंवर ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के निर्देशानुसार बोर्ड की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित की जा रही है, ताकि इसकी योजनाओं का लाभ पात्र एवं जरुरतमंद श्रमिकों तक पहुंच सके। इसके लिए सभी जिलों के श्रमिक कल्याण अधिकारियों तथा मोटिवेटरों को कड़े दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
-0-

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।