कल्याणकारी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ उठाएं भूतपूर्व सैनिक,9वीं कोर के चीफ ऑफ स्टाफ मेजर जनरल अनिल चंदेल ने की अपील

हमीरपुर ।
थल सेना की 9वीं कोर (राइजिंग स्टार कोर) और 21 सब एरिया मुख्यालय पठानकोट की ओर से मंगलवार को यहां टाउन हॉल में भूतपूर्व सैनिक सम्मेलन आयोजित किया गया, जिसमें 9वीं कोर के चीफ ऑफ स्टाफ सेना मैडल एवं विशिष्ट सेवा मैडल से अलंकृत मेजर जनरल अनिल चंदेल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर मेजर जनरल ने कहा कि भारतीय सेना अपने भूतपूर्व सैनिकों एवं उनके परिजनों के कल्याण के लिए कृतसंकल्प है और इसके लिए कई कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं। सभी भूतपूर्व सैनिक परिवारों को इनका लाभ उठाना चाहिए। यह उनका अधिकार है। उन्होंने बताया कि जिला हमीरपुर में ईसीएचएस, कैंटीन और अन्य सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। ईसीएचएस अस्पताल में फीजियोथैरेपी एवं फिटनेस सेंटर की स्थापना की संभावनाओं पर विचार किया जा रहा है।
उन्होंने 1965 के युद्ध में वीरता पुरस्कार से अलंकृत सूबेदार बलदेव सिंह को विशेष रूप से सम्मानित किया। इसी युद्ध में वीरता पुरस्कार प्राप्त लांसनायक दास राम, कैप्टन एससी दीवान, हवलदार रिखी राम और नानक चंद के परिजनों को भी सम्मानित किया गया।
इससे पहले, सैनिक कल्याण विभाग के निदेशक ब्रिगेडियर (सेवानिवृत्त) मदनशील शर्मा ने मुख्य अतिथि, अन्य अतिथियों तथा भूतपूर्व सैनिकों एवं उनके परिजनों का स्वागत किया और सैनिक कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।
21 सब एरिया मुख्यालय पठानकोट के कर्नल वैटर्न हमिंद्र सिंह ने भूतपूर्व सैनिकों एवं उनके परिजनों के लिए थल सेना की ओर से चलाई जा रही योजनाओं के बारे में बताया। सैनिक कल्याण उपनिदेशक स्क्वाड्रन लीडर (सेवानिवृत्त) मनोज राणा ने विभाग की ओर से सभी का धन्यवाद किया। हिम अकादमी स्कूल विकासनगर के विद्यार्थियों ने समूह गान प्रस्तुत किया।
इसके बाद मुख्य अतिथि और सैन्य अधिकारियों ने भूतपूर्व सैनिकों एवं उनके परिजनों के साथ सीधा संवाद भी किया तथा उनकी कई समस्याओं का समाधान किया। भूतपूर्व सैनिक परिवारों के मार्गदर्शन के लिए विभिन्न योजनाओं से संबंधित काउंटर भी लगाए गए।
कार्यक्रम में 21 सब एरिया मुख्यालय के ब्रिगेडियर संजीव सहारन, 9वीं कोर के ब्रिगेडियर विजय चहर, सेना के अन्य अधिकारी, भूतपूर्व सैन्य अधिकारी एवं सैनिक तथा उनके परिजन भी उपस्थित थे।
-0-

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।